महाराष्ट्र के पालघर में नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, 1.02 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन बरामद

महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने एक 53 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.02 करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन बरामद की गई है। विदेशी नागरिक का अनिवार्य सत्यापन न करने वाले मकान मालिक पर भी कार्रवाई की गई है।
पालघर, 29 जुलाई महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने 53 वर्षीय एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.02 करोड़ रुपये मूल्य का मेफेड्रोन (मादक पदार्थ) बरामद किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जिस किराए के मकान में रह रहा था, उसके मालिक के खिलाफ भी विदेशी नागरिक का अनिवार्य सत्यापन किए बिना परिसर किराए पर देकर अपराध को बढ़ावा देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
तुलिंज थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अमर मराठे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस के आतंकवाद-रोधी प्रकोष्ठ (एटीसी) को गुप्त सूचना मिली थी कि पालघर जिले में नालासोपारा इलाके के एक फ्लैट में रह रहे कुछ विदेशी नागरिक मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार को नाइजीरियाई नागरिक और उसके किराए के परिसर की तलाशी ली। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जस्टिन उसीफो उर्फ माइकल ग्रेस के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान 2.054 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद किया गया, जिसकी कीमत 1,02,75,000 रुपये आंकी गई है। मराठे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, आप्रवास एवं विदेशियों से संबंधित अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अन्य न्यूज़














