Bhabhua Road स्टेशन का नाम बदलने का Home Ministry से प्रस्ताव नहीं मिला: Ashwini Vaishnaw

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उच्च सदन में बताया कि बिहार के कैमूर जिले में स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर 'मां मुंडेश्वरी धाम' करने के संबंध में गृह मंत्रालय से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। भाजपा सांसद शिवेश कुमार के सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की अंतिम मंजूरी गृह मंत्रालय देता है।
नयी दिल्ली, सात अगस्त रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा को बताया कि बिहार के कैमूर जिले में स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘मां मुंडेश्वरी धाम’’ करने के संबंध में गृह मंत्रालय से कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। भाजपा सांसद शिवेश कुमार के सवाल के लिखित जवाब में रेल मंत्री ने उच्च सदन को यह जानकारी दी। कुमार ने सवाल किया था, ‘‘ क्या बिहार के कैमूर जिले में स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर सुप्रसिद्ध और प्राचीन धार्मिक स्थल के नाम पर मां मुंडेश्वरी धाम रेलवे स्टेशन करने के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं?’’ रेल मंत्री वैष्णव ने इसके जवाब में कहा, ‘‘वर्तमान में, गृह मंत्रालय से भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के नाम में परिवर्तन के लिए रेल मंत्रालय की टिप्पणियां/विचार मांगने का कोई भी प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुसार, गृह मंत्रालय भारतीय रेल के किसी भी रेलवे स्टेशन के नाम में परिवर्तन को मंजूरी देने के लिए सक्षम प्राधिकारी है।
यह संबंधित मंत्रालयों/विभागों की टिप्पणियों व सुझावों पर विचार करने के बाद संबंधित राज्य सरकार की सिफारिश पर ऐसी मंजूरी देता है। रेल मंत्री ने कहा, ‘‘गृह मंत्रालय की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद, संबंधित राज्य सरकार रेलवे स्टेशन के नाम में परिवर्तन के लिए राजपत्र अधिसूचना जारी करती है। इसके बाद, संबंधित क्षेत्रीय रेल द्वारा रेलवे स्टेशन के नाम में परिवर्तन किया जाता है।
अन्य न्यूज़













