Odisha में Nuclear Power Plant प्रस्ताव पर BJD और BJP में राजनीतिक घमासान

Prabhasakshi Image

ओडिशा में 3,000 मेगावाट क्षमता का परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के कथित प्रस्ताव पर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी बीजू जनता दल के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। बीजद महासचिव लेखाश्री सामंतसिंघार ने इसे जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए विरोध करने की बात कही है। वहीं भाजपा प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने पलटवार करते हुए बीजद पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

भुवनेश्वर, सात अगस्त ओडिशा में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने संबंधी पहल को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) के बीच शुक्रवार को तीखी बयानबाजी हुई। इस मुद्दे को दो दिन पहले बीजद ने उठाया था। पार्टी ने यह मुद्दा उस समय उठाया, जब एक कॉरपोरेट समूह के प्रतिनिधियों ने राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं ऊर्जा विभाग के प्रभारी के. वी. सिंह देव से मुलाकात की।

कंपनी के अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री के साथ क्या चर्चा की, इसका ब्योरा अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। बीजद की वरिष्ठ महासचिव लेखाश्री सामंतसिंघार ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य सरकार के ऐसे किसी भी कदम का पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य की कीमत पर कॉरपोरेट घरानों के हित में काम कर रही है।

सामंतसिंघार ने कहा, ‘‘ओडिशा में परमाणु ऊर्जा संयंत्र की स्थापना से लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होगा।’’ उन्होंने दावा किया कि एक निजी कंपनी ने ओडिशा में 3,000 मेगावाट क्षमता का परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। सत्तारूढ़ भाजपा ने इस पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि बीजद लोगों को ‘‘परमाणु’’ शब्द को लेकर गुमराह कर रहा है। भाजपा की ओडिशा इकाई के प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने कहा, ‘‘बीजद और कांग्रेस ‘परमाणु’ शब्द का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों से लोगों को क्या नुकसान हुआ है?’’ बिस्वाल ने कहा कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र से किसी भी तरह लोगों और उनकी सुरक्षा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़