ओडिशा: 7 हजार की घूस लेते पकड़ी गईं उप-पंजीयक Manisha Mishra बर्खास्त

बालासोर जिले के बालियापाल में तैनात परिवीक्षाधीन ओआरएस अधिकारी मनीषा मिश्रा को सतर्कता विभाग ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उनकी सेवाएं तत्काल समाप्त करने का आदेश जारी किया है।
ओडिशा सरकार ने सात हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार एक परिवीक्षाधीन ओडिशा राजस्व सेवा (ओआरएस) अधिकारी की सेवाएं मंगलवार को समाप्त कर दीं। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई। बालासोर जिले के बालियापाल में उप-पंजीयक के पद पर तैनात मनीषा मिश्रा को सात नवंबर को गिरफ्तार किया गया था।
इससे एक दिन पहले सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने कथित तौर पर उन्हें अपने कार्यालय में एक शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सामान्य प्रशासन (सतर्कता) विभाग की रिपोर्ट की जांच और उनके खिलाफ लगे आरोपों की गंभीरता पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया। आदेश में कहा गया, विभाग इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि उनकी सेवाएं जारी रखना जनहित के लिए अत्यंत नुकसानदेह होगा।
मिश्रा ने 2024 में सरकारी सेवा शुरू की थी और गिरफ्तारी के समय वह परिवीक्षाधीन अवधि में थीं। आदेश में कथित तौर पर रिश्वत लेने को भ्रष्टाचार का गंभीर मामला बताते हुए इसे घोर कदाचार और ओडिशा सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 1959 का उल्लंघन करार दिया गया है।
अन्य न्यूज़














