Odisha के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने नब दास को श्रद्धांजलि दी

Naveen Patnaik
प्रतिरूप फोटो
ANI

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दास के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और अपनी संवेदना प्रकट की। कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती और कांग्रेस नेता भी दास के आधिकारिक आवास पर पहुंचे।

भुवनेश्वर। ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और कई अन्य क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने सोमवार को दिवंगत नब किशोर दास को श्रद्धांजलि दी, जिन्हें झारसुगुडा जिले में ब्रजराजनगर शहर में एक पुलिसकर्मी ने कथित रूप से गोली मार दी थी। मुख्यमंत्री ने रविवार को दो बार अस्पताल जाकर मंत्री का हाल जाना था और दास की मृत्यु के बाद सोमवार को सुबह एक बार फिर वह मंत्री के आधिकारिक आवास पहुंचे जहां उनका पार्थिव शरीर रखा था। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दास के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और अपनी संवेदना प्रकट की। कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती और कांग्रेस नेता भी दास के आधिकारिक आवास पर पहुंचे।

राज्य सरकार ने दिवंगत मंत्री को सलामी गारद भी दिया। बाद में मंत्री के पार्थिव शरीर को बीजू जनता दल (बीजद) पार्टी कार्यालय ले जाया गया, जहां सैकड़ों लोगों ने दास को अंतिम श्रद्धांजलि दी। बीजद उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान झारसुगुडा ले जाया जाएगा जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राज्य सरकार ने रविवार शाम को दिवंगत मंत्री के सम्मान में पूरे ओडिशा में तीन दिवसीय शोक की घोषणा की थी। एक अधिसूचना में कहा गया है कि पूरे राज्य में 29-31 जनवरी तक तीन दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।

इसे भी पढ़ें: ED की शिकायत पर पुलिस ने महाराष्ट्र सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और पांच अन्य को गिरफ्तार किया

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘ओडिशा सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि दिवंगत मंत्री को राजकीय सम्मान दिया जाएगा। राज्य की राजधानी में आज और अंतिम संस्कार वाले दिन राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।’’ 60 वर्षीय मंत्री को ब्रजराजनगर शहर में रविवार दोपहर करीब एक बजे कथित तौर पर सहायक पुलिस उप-निरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास ने गोली मार दी थी। माना जाता है कि आरोपी मानसिक विकार से पीड़ित है। झारसुगुडा से भुवनेश्वर ले जाने के बाद अपोलो अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम ने नब दास का ऑपरेशन किया, लेकिन आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़