लंच के बाद जंतर-मंतर जा रहे विपक्षी सांसद, राहुल गांधी बोले- अब वहीं देंगे धरना, हर FIR मेरे लिए मेडल

opposition
ANI
अंकित सिंह । Oct 7 2026 3:59PM

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की बैठक के बाद राहुल गांधी और विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरना देने पहुंचे। राहुल गांधी ने सीईसी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनके खिलाफ दर्ज हर एफआईआर मेडल जैसी है। विपक्षी दल आयोग को एक पत्र भी भेजेंगे।

जनपथ स्थित सागर रत्ना में लंच करने के बाद, विपक्षी सांसद CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने के लिए बस से जंतर-मंतर की ओर बढ़े। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि जैसा कि मैंने कल कहा था, लगभग 300 सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि हम वहां विरोध-प्रदर्शन नहीं कर सकते। इसलिए, आज हमारा प्लान है कि हम विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह, जंतर-मंतर जाएं और वहां एक साथ बैठकर देश को बताएं कि हमारे लिए ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं।

इसे भी पढ़ें: EVM पर बार-बार सवाल उठाने वालों ने Ballot Paper के जरिये हुए चुनावों के एक दिन पहले आये परिणाम देखे क्या?

उन्होंने कहा कि मोदी जी, अमित शाह जी, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने देश के लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है। जैसा कि मैंने कल कहा था, जिन्होंने ऐसा किया है, वे देश के साथ गद्दारी करने वाले हैं और हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। मैं आपको अभी बता रहा हूं: ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। जब उनसे उनके खिलाफ दर्ज FIR के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ 45 FIR दर्ज हैं। मेरा लक्ष्य 100 FIR का है। मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाफ 100 FIR दर्ज हों। हर FIR मेरे लिए एक मेडल की तरह है।

सागर रत्न में कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा आयोजित लंच में शामिल होने के बाद, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देखिए, हम अभी लंच के लिए आए हैं, हमारी लड़ाई जारी है। हमें उस FIR के बारे में पता चला है जिसमें मेरा नाम भी शामिल था। हम FIR से डरने वाले नहीं हैं, उन्हें अब तक यह समझ जाना चाहिए था। पवन खेड़ा ने कहा कि हम FIR से डरते नहीं हैं, यह सम्मान की बात है... हम दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करेंगे, चुनाव आयोग सभी के हस्ताक्षर चाहता है, वे बड़े लोग हैं, वे हमारे साथ औपचारिक हो गए हैं... ये सांसद 64% लोगों के प्रतिनिधि हैं।

इसे भी पढ़ें: 2 महीने, 3 सरप्राइज एलीमेंट: बीजेपी हैरान, पुलिस परेशान, क्या है राहुल गांधी की 'धप्पा' पॉलिटिक्स!

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सेंट्रल दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में विपक्षी पार्टियों के सांसदों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। इस बैठक का मकसद एक पत्र तैयार करना है, जिसे CEC को भेजा जाएगा। इसमें विपक्षी नेताओं के साथ SIR के मुद्दों पर तत्काल बैठक की मांग की जाएगी। राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा बुलाई गई बैठक के लिए आज राजधानी में जुटे प्रमुख विपक्षी सांसदों ने पुष्टि की कि इस अहम बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों में आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
 

All the updates here:

अन्य न्यूज़