SCO Civilisational Dialogue Forum में Pakistan की हर चाल को ऐसे किया गया विफल, Indraprastha Communique को देख दुनिया हैरान

पाकिस्तानी सोशल मीडिया और मीडिया जगत में यह प्रचार किया गया कि उसके मंत्री को भारत में सम्मानजनक व्यवहार नहीं मिला और उन्हें ताजमहल तथा दिल्ली के प्रमुख स्थलों पर जाने से रोक दिया गया। यहां तक कि हवाई अड्डे पर भारतीय अधिकारियों की ओर से स्वागत नहीं किए जाने की बात भी उछाली गई।
नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का सफल आयोजन भारत की बढ़ती कूटनीतिक धमक और वैश्विक मंच पर उसकी निर्णायक भूमिका का एक और प्रमाण बनकर सामने आया है। 20 से 22 नवंबर तक ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित इस बैठक में भारत ने न केवल सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक सहयोग का नया एजेंडा प्रस्तुत किया, बल्कि अपनी विरासत और रणनीतिक दृष्टिकोण के जरिए अंतरराष्ट्रीय विमर्श को भी नई दिशा दी। बैठक का समापन 'इंद्रप्रस्थ कम्युनिके' के साथ हुआ, जिसमें सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सभ्यताओं के समान सम्मान, प्राचीन ज्ञान परंपराओं के आदान-प्रदान और सांस्कृतिक धरोहरों की अवैध तस्करी रोकने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर साझा सहमति बनी। इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि भारत ने केवल एक मेजबान देश की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि SCO के भीतर सभ्यतागत संवाद और सांस्कृतिक कूटनीति को एक नए वैश्विक एजेंडे के रूप में स्थापित करने की पहल की।
हम आपको याद दिला दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मंच की परिकल्पना 2025 में तियानजिन SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखी थी। अब भारत की मेजबानी में इसका पहला आयोजन होना इस बात का संकेत है कि नई दिल्ली केवल SCO की बैठकों में भागीदारी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि संगठन के भीतर नए विमर्श और सहयोग की दिशा भी तय करना चाहती है। इस बैठक में 22 देशों के 116 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सांस्कृतिक विरासत, पांडुलिपियों, भाषाई परंपराओं, पुरातत्व, कला, स्थापत्य और मठवासी परंपराओं पर चार तकनीकी सत्र आयोजित हुए। भविष्य में इस संवाद मंच को द्विवार्षिक आधार पर आयोजित करने की रूपरेखा भी सामने आई।
साथ ही इस पूरे आयोजन में पाकिस्तान की भागीदारी अपने आप में महत्वपूर्ण थी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आया था। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली आये थे। लेकिन पाकिस्तान की तरफ से इस यात्रा को लेकर जिस तरह का प्रचार और भ्रम फैलाने की कोशिश हुई, उसने एक बार फिर इस्लामाबाद की उस मानसिकता को उजागर किया जिसमें अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत के खिलाफ नकारात्मक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश की जाती है।
इसे भी पढ़ें: Pakistan के होंगे 14 प्रांत, कराची में होगा खून खराबा, बिलावल भुट्टो के बयान से देश में सनसनी
पाकिस्तानी सोशल मीडिया और मीडिया जगत में यह प्रचार किया गया कि उसके मंत्री को भारत में सम्मानजनक व्यवहार नहीं मिला और उन्हें ताजमहल तथा दिल्ली के प्रमुख स्थलों पर जाने से रोक दिया गया। यहां तक कि हवाई अड्डे पर भारतीय अधिकारियों की ओर से स्वागत नहीं किए जाने की बात भी उछाली गई। लेकिन तथ्यों ने इन दावों की हवा निकाल दी। भारतीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के उच्चायोग ने ताजमहल, दिल्ली हाट, हुमायूं का मकबरा, किला राय पिथौरा और हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी। सुरक्षा एजेंसियों के आकलन के बाद ताजमहल और दिल्ली के तीन अन्य स्थलों की अनुमति दे दी गई, जबकि केवल निजामुद्दीन दरगाह की यात्रा को सुरक्षा कारणों से मंजूरी नहीं मिली। यानी पाकिस्तान की तरफ से जिस तरह यह माहौल बनाने की कोशिश हुई कि उसके मंत्री को ताजमहल और दिल्ली के स्थलों तक जाने से रोक दिया गया, वह वास्तविक स्थिति के विपरीत था।
साथ ही इस पूरे घटनाक्रम का एक दूसरा महत्वपूर्ण पहलू पाकिस्तानी मंत्री के वीजा से जुड़ा था। भारत की ओर से स्पष्ट किया गया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य SCO की बैठक में भाग लेना था। यानी यह कोई द्विपक्षीय सद्भावना यात्रा या भारत में स्वतंत्र राजनीतिक गतिविधियों का अवसर नहीं था। उनकी अतिरिक्त यात्राओं और कार्यक्रमों को सुरक्षा एजेंसियों की मंजूरी के अधीन रखा गया। पाकिस्तान के लिए यह संदेश साफ था कि बहुपक्षीय मंच पर भागीदारी का स्वागत है, लेकिन इससे भारत की सुरक्षा संबंधी शर्तों में कोई ढील नहीं मिलेगी।
हम आपको यह भी बता दें कि पाकिस्तानी मीडिया में भी इस यात्रा को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुईं। कहीं मंत्री के स्वागत और प्रोटोकॉल को मुद्दा बनाया गया तो कहीं उनकी भारत यात्रा और कथित प्रतिबंधित गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए गए। पाकिस्तान के भीतर इस बात को भी रेखांकित किया गया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की भारत यात्रा कितनी असाधारण है। लेकिन बैठक के दौरान मुसादिक मलिक का रुख भी उल्लेखनीय रहा। उधर, सिंधु जल संधि पर भारत के फैसले को लेकर पहले तीखी बयानबाजी कर चुके मलिक से जब इस मुद्दे पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पहले SCO के विषयों पर चर्चा की जाए। उन्होंने गालिब का उल्लेख करते हुए उर्दू में अपना संबोधन दिया और सभ्यताओं के बीच संवाद की जरूरत बताई।
साथ ही भारत की रणनीति का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह रहा कि उसने पाकिस्तान को SCO के बहुपक्षीय मंच का इस्तेमाल अपने द्विपक्षीय एजेंडे के लिए नहीं करने दिया। भारतीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तानी मंत्री के साथ कोई औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता नहीं हुई। अन्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ भारत ने अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं, लेकिन पाकिस्तान के मामले में यह सीमा स्पष्ट रखी गई। अनौपचारिक मुलाकातें और भोज के दौरान बातचीत हुई, मगर उसे किसी आधिकारिक वार्ता का स्वरूप नहीं दिया गया।
देखा जाये तो सामरिक दृष्टि से यह बेहद महत्वपूर्ण था। SCO में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस और मध्य एशिया के देश एक साथ मौजूद हैं। ऐसे संगठन में भारत की सक्रियता उसे क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक संपर्क, सांस्कृतिक सहयोग और मध्य एशिया के साथ रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर देती है। इंद्रप्रस्थ कम्युनिके के जरिए भारत ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, UNESCO की साझा नामांकन प्रक्रिया, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार इस्तेमाल तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सहयोग के नए क्षेत्रों के रूप में स्थापित किया।
इसका एक बड़ा रणनीतिक निहितार्थ यह भी है कि भारत ने पाकिस्तान के साथ तनाव के बावजूद बहुपक्षीय मंच पर अपनी सक्रियता कम नहीं होने दी। भारत ने यह साबित किया कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंधों में तनाव उसकी व्यापक विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को बंधक नहीं बना सकता।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि पाकिस्तान की ओर से उड़ाई गई अफवाहें, स्वागत को लेकर खड़े किए गए सवाल और ताजमहल तथा दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों को लेकर बनाया गया विवाद बैठक के वास्तविक निष्कर्षों पर हावी नहीं हो सका। भारत ने न तो अपने सुरक्षा प्रोटोकॉल से समझौता किया, न पाकिस्तान को औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत का अवसर दिया और न ही उसे SCO के मंच पर अपना राजनीतिक एजेंडा चलाने दिया।
बहरहाल, यही भारत की कूटनीतिक सफलता थी। पाकिस्तान को बैठक में शामिल होने का अवसर मिला, लेकिन वह इस आयोजन को भारत के खिलाफ किसी बड़े राजनीतिक विवाद में तब्दील नहीं कर पाया। भारत ने आयोजन का एजेंडा भी तय किया, परिणाम दस्तावेज भी जारी कराया और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा भी निर्धारित की। पाकिस्तान की हर शरारत का जवाब शोर से नहीं, बल्कि तथ्यों, सुरक्षा व्यवस्था और कूटनीतिक दृढ़ता से दिया गया। कहा जा सकता है कि पाकिस्तान जिस मंच पर भारत को घेरने या असहज करने की उम्मीद लेकर पहुंचा था, उसी मंच से भारत अपनी सभ्यतागत ताकत और रणनीतिक नेतृत्व का संदेश देने में सफल रहा।
-नीरज कुमार दुबे
अन्य न्यूज़













