WhatsApp New Feature: स्कूल और ऑफिस वालों के लिए WhatsApp का बड़ा अपडेट, जानें Organization फीचर की खासियत

WhatsApp Organization
Image Source: pexels

WhatsApp का Organization फीचर एक तरह का एडमिन मैनेजमेंट डैशबोर्ड होगा। इसके जरिए कम्युनिटी से जुड़ी जरूरी जानकारियां एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी। एडमिन इस सेक्शन में संगठन का नाम, उसकी जानकारी और कुल सदस्यों की संख्या देख सकेंगे।

दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp पर बड़े ग्रुप और कम्युनिटी को संभालना जल्द ही पहले से ज्यादा आसान हो सकता है। कंपनी एक नए फीचर पर काम कर रही है, जिसका नाम 'Organization' बताया जा रहा है। खासतौर पर उन एडमिन के लिए यह टूल उपयोगी साबित हो सकता है, जो स्कूल, कॉलेज, ऑफिस या बड़ी कम्युनिटी के कई ग्रुप्स को एक साथ मैनेज करते हैं। इस फीचर के आने से सदस्यों की जानकारी जुटाने के लिए अलग-अलग ग्रुप्स में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

क्या है WhatsApp का Organization फीचर?

WhatsApp का Organization फीचर एक तरह का एडमिन मैनेजमेंट डैशबोर्ड होगा। इसके जरिए कम्युनिटी से जुड़ी जरूरी जानकारियां एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी। एडमिन इस सेक्शन में संगठन का नाम, उसकी जानकारी और कुल सदस्यों की संख्या देख सकेंगे।

इसे भी पढ़ें: Samsung का बड़ा धमाका! इन Galaxy स्मार्टफोन्स को मिलेगा Android 17 वाला One UI 9 अपडेट

इसकी सबसे खास सुविधा मेंबर्स की एकीकृत लिस्ट होगी। एडमिन एक ही स्क्रीन पर कम्युनिटी के सभी सदस्यों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इतना ही नहीं, यह भी देखना संभव होगा कि कौन सा सदस्य किस सब-ग्रुप से जुड़ा हुआ है। इससे बड़े नेटवर्क को व्यवस्थित रखने और सदस्यों की पहचान करने में समय की बचत होगी।

बड़े ग्रुप संभालना होगा पहले से आसान

फिलहाल बड़ी WhatsApp कम्युनिटी में कई सब-ग्रुप होने के कारण एडमिन को सदस्यों की जानकारी जुटाने में काफी मेहनत करनी पड़ती है। उदाहरण के लिए, किसी स्कूल में प्रिंसिपल या एडमिन को टीचर्स, पैरेंट्स, अलग-अलग कक्षाओं और स्टाफ के लिए कई ग्रुप बनाने पड़ते हैं।

ऐसे में किसी सदस्य की जानकारी हासिल करने के लिए अलग-अलग ग्रुप्स को चेक करना पड़ता है। Organization फीचर इस प्रक्रिया को आसान बना सकता है। ऑफिस, शैक्षणिक संस्थानों, क्लब और सामाजिक संगठनों के लिए भी यह सुविधा काफी काम की हो सकती है।

Community और Organization में क्या होगा अंतर?

WhatsApp ने साल 2022 में Community फीचर पेश किया था। इसका उद्देश्य कई संबंधित ग्रुप्स को एक साझा प्लेटफॉर्म पर लाना था। इसके जरिए यूजर्स अलग-अलग ग्रुप्स से जुड़ सकते हैं और जरूरी घोषणाएं व अपडेट प्राप्त कर सकते हैं।

वहीं, Organization का मकसद कम्युनिटी की प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है। आसान भाषा में समझें तो Community सदस्यों के बीच बातचीत और सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम है, जबकि Organization एडमिन को सभी ग्रुप्स और सदस्यों की जानकारी व्यवस्थित तरीके से देखने में मदद करेगा। यह सुविधा मुख्य रूप से एडमिन के इस्तेमाल के लिए तैयार की जा रही है।

अभी डेवलपमेंट के शुरुआती चरण में है फीचर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp का Organization फीचर फिलहाल डेवलपमेंट फेज में है। इसे Google Play Store पर उपलब्ध Android के WhatsApp Beta अपडेट में देखा गया है। हालांकि, अभी कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट या सभी यूजर्स के लिए उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

टेस्टिंग के दौरान इसके इंटरफेस और सुविधाओं में बदलाव भी संभव हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी अंतिम वर्जन में कौन-कौन से विकल्प शामिल करती है। अगर यह फीचर अपने मौजूदा उद्देश्य के अनुसार लॉन्च होता है, तो बड़ी WhatsApp कम्युनिटी को मैनेज करने वाले एडमिन के लिए यह एक उपयोगी अपडेट साबित हो सकता है।

- डॉ. अनिमेष शर्मा

All the updates here:

अन्य न्यूज़