INS Chilka में 3,358 Agniveer और नाविकों की पासिंग आउट परेड, 142 महिलाएं शामिल

INS Chilka में 3,358 Agniveer और नाविकों की पासिंग आउट परेड, 142 महिलाएं शामिल
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ओडिशा के आईएनएस चिल्का में शुक्रवार को 3,358 प्रशिक्षुओं ने अपना 16 सप्ताह का प्रारंभिक प्रशिक्षण पूरा कर पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। इसमें 2,756 अग्निवीर, नौसेना के 286 चिकित्सा सहायक और तटरक्षक बल के 316 नाविक शामिल रहे। परेड का निरीक्षण नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने किया।

ओडिशा स्थित आईएनएस चिल्का में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद आयोजित ‘पासिंग आउट परेड’ (पीओपी) में रिकॉर्ड 3,358 प्रशिक्षु शामिल हुए, जिनमें 142 महिलाएं भी थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को आयोजित इस परेड के साथ 2,756 अग्निवीरों, भारतीय नौसेना के 286 चिकित्सा सहायकों और भारतीय तटरक्षक बल के 316 नाविकों ने 16 सप्ताह का गहन प्रारंभिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने परेड का निरीक्षण किया, जबकि दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना ने समापन समारोह की अध्यक्षता की। एक अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को शैक्षणिक अध्ययन, शारीरिक फिटनेस, तैराकी, परेड अभ्यास, बाहरी गतिविधियों और नेतृत्व विकास का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अनुशासन, टीम भावना और नौसेना के कर्तव्य, सम्मान तथा साहस जैसे मूल मूल्यों पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसआर (सीनियर सेकेंडरी रिक्रूट) श्रेणी में नचिकेता सनासम को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु चुना गया, जबकि एमआर (मैट्रिक रिक्रूट) श्रेणी में यह सम्मान अरबाज अमीन को मिला। दीक्षा ने समग्र योग्यता सूची में सर्वश्रेष्ठ महिला प्रशिक्षु का स्थान हासिल किया। वहीं, अमर शक्ति एम और अर्पित सांगवान को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ नाविक जीडी (जनरल ड्यूटी) और सर्वश्रेष्ठ नाविक डीबी (डोमेस्टिक ब्रांच) चुना गया।

युवा प्रशिक्षुओं के साथ उनके परिवारों ने भी भव्य पासिंग आउट परेड देखी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़