Punjab में पराली जलाने की घटनाएं 4657 पहुंचीं, तरनतारन और फिरोजपुर सबसे आगे

पंजाब में सोमवार को पराली जलाने के 198 नए मामले दर्ज होने के साथ 15 सितंबर से अब तक कुल मामलों की संख्या 4,657 हो गई है। सरकारी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर प्रशासन ने 938 प्राथमिकी दर्ज की हैं और 1,150 किसानों के भूमि रिकॉर्ड में रेड एंट्री की है। अब तक लगाए गए 72.85 लाख रुपये के जुर्माने में से 33.60 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं।
पंजाब में सोमवार को पराली जलाने के 198 नए मामले सामने आए जिसके साथ ही राज्य में 15 सितंबर के बाद से अब तक पराली जलाने की घटनाओं की कुल संख्या बढ़कर 4,657 हो गई है। राज्य के तरनतारन, फिरोजपुर और संगरूर जिलों में पराली जलाने की सबसे अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं। सरकारी चेतावनियों और दिशा-निर्देशों के बावजूद राज्य में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, तरनतारन में पराली जलाने के सबसे अधिक 659 मामले दर्ज किए गए। इसके बाद फिरोजपुर में 621, संगरूर में 508, बठिंडा में 412, पटियाला में 299 और अमृतसर में 247 मामले सामने आए। अब तक 1,442 मामलों में कुल 72.85 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 33.60 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है।
आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में पराली जलाने की घटनाओं के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवहेलना) के तहत 938 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। राज्य के अधिकारियों ने पराली जलाने वाले किसानों के भूमि अभिलेखों में 1,150 ‘रेड एंट्री’ भी दर्ज की हैं। इनमें तरनतारन में 310 और फिरोजपुर में 192 मामले शामिल हैं।
भूमि अभिलेखों में ‘रेड एंट्री’ दर्ज होने के बाद संबंधित किसान अपनी कृषि भूमि पर ऋण नहीं ले सकते और न ही उसे बेच सकते हैं। धान की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से शुरू होने से करीब दो सप्ताह पहले राज्य में पराली जलाने की घटनाओं पर निगरानी हर साल 15 सितंबर से शुरू हो जाती है। पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं को अक्सर दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजहों में गिना जाता है।
अक्टूबर और नवंबर में धान की कटाई के बाद रबी फसलों की बुआई के लिए किसानों के पास बहुत कम समय होता है। ऐसे में कुछ किसान खेतों से फसल अवशेष जल्दी हटाने के लिए उनमें आग लगा देते हैं। पंजाब में वर्ष 2025 में धान की कटाई के दौरान पराली जलाने के 5,114 मामले दर्ज किए गए थे।
इससे पहले, राज्य में वर्ष 2023 में ऐसी 36,663 घटनाएं सामने आई थीं, जबकि 2024 में इनकी संख्या घटकर 10,909 रह गई थी।
अन्य न्यूज़














