Parliament Budget Session 2026 Live Updates । क्या Speaker के खिलाफ आएगा No-Confidence Motion? संसद में विपक्ष का जोरदार हंगामा, कार्यवाही स्थगित

संसद में विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाने का संकेत दिया, जिससे हुए हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। इससे पहले, सदन ने अंडर-19 क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत का जश्न मनाया था।
लोकसभा और राज्यसभा में सोमवार को भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत का जश्न मनाया गया। सदन के अध्यक्ष ओम बिरला और सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने टीम को बधाई दी। विशेष रूप से वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी की सराहना की गई, जिन्होंने 175 रन बनाकर भारत को रिकॉर्ड छठी बार चैंपियन बनाया। सांसदों ने मेजें थपथपाकर खिलाड़ियों के अनुशासन और टीम वर्क की तारीफ की और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
दूसरी ओर, संसद में राजनीतिक खींचतान भी देखने को मिली। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। विपक्षी दलों ने अध्यक्ष के पक्षपातपूर्ण व्यवहार की शिकायत करते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के संकेत दिए हैं। हंगामे और नोकझोंक के कारण सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा। विपक्ष का कहना है कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।
Today 13:10 | विपक्षी सदस्यों ने बहिर्गमन कियाराज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति न दिए जाने पर विरोध जताते हुए विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। |
Today 13:10 | कार्यवाही दो बजे तक के लिएलोकसभा में सोमवार को कांग्रेस सदस्यों ने आसन से आग्रह किया कि केंद्रीय बजट पर चर्चा की शुरुआत से पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने दिया जाए, हालांकि आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद सदन में हुई नोकझोंक के कारण कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद जब दोपहर 12 बजे शुरू हुई तो पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने आवश्यक कागजात सदन में रखवाए। इसके बाद उन्होंने जैसे ही बजट पर चर्चा के लिए पहले वक्ता के रूप में कांग्रेस सांसद शशि थरूर का नाम पुकारा तो नेता प्रतिपक्ष ने सदन में अपनी बात रखने की इच्छा जाहिर की। राहुल गांधी का कहना था कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि वह बजट पर चर्चा से पहले बोल सकते हैं। हालांकि, पीठासीन सभापति ने कहा कि इस बारे में स्पष्टीकरण लेने के बाद वह अनुमति देंगे। |
Today 13:09 | बिरला के खिलाफ अविश्चास प्रस्ताव?कांग्रेस ने विपक्ष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी संबंधी खबरों को लेकर सोमवार को कहा कि ‘कार्रवाई का इंतजार कीजिए।’ पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह भी आरोप लगाया कि अब सदन में विपक्ष के लिए कोई जगह नहीं रह गई है। बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने संबंधी खबरों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वेट फॉर ऐक्शन्स (कार्रवाई का इंतजार कीजिए)।’’ वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘आप देख रहे हैं कि संसद में क्या हो रहा है। लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष ‘शैडो प्राइम मिनिस्टर’ (छाया प्रधानमंत्री) होता है। लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। सत्तापक्ष के लोगों को कुछ भी बोलने की छूट दी जा रही है, यहां तक कि वे अपमानजनक टिप्पणियां भी कर रहे हैं।’’ |
Today 13:09 | संसद ने अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दीसंसद के दोनों सदनों में पिछले सप्ताह शुक्रवार को अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम को सोमवार को बधाई दी गई। लोकसभा की बैठक शुरू होने पर सदन के अध्यक्ष ओम बिरला ने गत छह फरवरी को जिम्बाब्वे के हरारे में आयोजित फाइनल मैंच में इंग्लैंड पर भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम की जीत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘‘अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतकर भारतीय टीम ने देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।’’ बिरला ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल,दृढ़ संकल्प, अनुशासन और टीम वर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अध्यक्ष ने अंडर-19 क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘उनकी उपलब्धि से देश के युवाओं को प्रेरणा मिली है।’’ |
अन्य न्यूज़













