विमान में महिला को अनुचित तरीके से छूने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया

arrest
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी विमान में सो गए थे और जब विमान यहां हवाई अड्डे पर उतरने वाला था तो महिला को लगा कि कोई उसे अनुचित तरीके से छू रहा है तभी उसने उस व्यक्ति के हाथ को देखा और शोर मचा दिया।

चेन्नई से हैदराबाद जा रही एक उड़ान में 38 वर्षीय महिला आईटी पेशेवर को अनुचित तरीके से छूने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को तब हुई जब चेन्नई में काम करने वाला 45 वर्षीय एक व्यक्ति हैदराबाद होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहा था और कथित तौर पर नशे में था। महिला अपने पति के साथ बैठी थी जबकि आरोपी यात्री विमान में उनके बगल में बैठा था।

पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी विमान में सो गए थे और जब विमान यहां हवाई अड्डे पर उतरने वाला था तो महिला को लगा कि कोई उसे अनुचित तरीके से छू रहा है तभी उसने उस व्यक्ति के हाथ को देखा और शोर मचा दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विमान के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद महिला ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आरजीआईए) पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। उसने दावा किया कि उसने महिला को गलती से छुआ था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़