Pauri Road Accident में 6 लोगों की मौत, Haridwar का परिवार खाई में गिरा

उत्तराखंड के देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर डंपिंग जोन के पास एक बोलेरो कार बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में हरिद्वार जिले के लक्सर निवासी एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायल के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
देहरादून, सात अगस्त उत्तराखंड के पौड़ी जिले में देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर शुक्रवार को एक कार के खाई में गिरने से उसमें सवार एक परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के मुताबिक, देवप्रयाग क्षेत्र में पौड़ी की ओर डंपिंग जोन के पास हुए हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया।
एसडीआरएफ ने बताया कि हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र का निवासी एक परिवार बोलेरो कार में सवार होकर कहीं जा रहा था, तभी चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे। एसडीआरएफ के अनुसार, घटनास्थल से एक महिला और बच्ची समेत छह लोगों के शव बरामद हुए हैं जबकि घायल अवस्था में मिले अरहम नामक 16 वर्षीय लड़के को स्थानीय निवासियों ने अस्पताल भिजवा दिया।
मृतकों की पहचान अफजाल (49), उनके भाई गुफरान (34), अफजाल की पत्नी सब्बू (40), बेटी अनामिया (तीन), बेटे अमन (14) और अरमान (20) के रूप में हुई है। घायल अरहम भी अफजाल का बेटा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और घायलों को समुचित व त्वरित उपचार के निर्देश दिए।
उन्होंने गंभीर रूप से घायल को आवश्यकता होने पर हवाई मार्ग से किसी बड़े अस्पताल भेजने के निर्देश भी दिए हैं।
अन्य न्यूज़













