अरुणाचल में Pema Khandu का ऐलान: हर दो साल में होगा देशज आस्था युवा महोत्सव

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सेप्पा में घोषणा की कि देशज आस्था युवा महोत्सव अब तीन साल की जगह प्रत्येक दो वर्ष में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा पूर्वी कामेंग जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के सहयोग से कामेंग नदी महोत्सव भी इसी वर्ष से दोबारा शुरू होगा।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि देशज आस्था युवा महोत्सव अब हर तीन साल के बजाय दो साल में आयोजित किया जाएगा और इसका अगला संस्करण 2028 में होगा। खांडू ने पूर्वी कामेंग जिले की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने और इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए राज्य सरकार की वित्तीय सहायता से इस वर्ष से कामेंग नदी महोत्सव को फिर से शुरू करने की भी घोषणा की। पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा में इंडिजिनस फेथ एंड कल्चरल सोसाइटी ऑफ अरुणाचल प्रदेश (आईएफसीएसएपी) द्वारा आयोजित आठवें देशज आस्था युवा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खांडू ने देशज आस्थाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस महोत्सव में राज्य भर से 1,000 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016-17 में स्थापित देशज मामलों के विभाग को और मजबूत किया जाएगा तथा इसकी गतिविधियों का विस्तार करने एवं अधिक युवाओं तक पहुंचने के लिए आगामी संशोधित अनुमानों में इसका बजट आवंटन बढ़ाया जाएगा। कामेंग नदी महोत्सव को फिर से शुरू करने के संबंध में खांडू ने कहा कि पर्यटन विभाग चालू वर्ष के आवंटन में इसके लिए आवश्यक वित्तीय प्रावधान करेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़