Pilibhit Crime: 65 वर्षीय सास की हत्या कर शव भूसे में जलाया, दामाद पर केस

Pilibhit Crime: 65 वर्षीय सास की हत्या कर शव भूसे में जलाया, दामाद पर केस
प्रतिरूप फोटो

उत्तर प्रदेश के अमरिया थाना क्षेत्र में जिठनिया गांव की निवासी मोहन देई की हत्या के आरोप में उनके दामाद महेंद्र पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पारिवारिक रंजिश में 65 वर्षीय महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को भूसे के ढेर में जला दिया। राख से मिले अस्थि अवशेषों को डीएनए जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

पीलीभीत (उप्र), सात अगस्त पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र के जिठनिया गांव में 65 वर्षीय एक महिला की हत्या कर उसका शव घर के बाहर रखे भूसे के ढेर में जलाकर साक्ष्य मिटाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के दामाद के विरुद्ध हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार है।

क्षेत्राधिकारी (सदर) नताशा गोयल ने बताया कि राख के ढेर से बरामद हड्डियों को डीएनए परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि हो सकेगी कि बरामद अवशेष मोहन देई के ही हैं। अमरिया थाना की पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को मृतका के बेटे सुरेश कुमार की तहरीर पर आरोपी महेंद्र पाल के विरुद्ध हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

सुरेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां मोहन देई (65) गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास स्थित दूसरे मकान में अकेली रहती थीं। 31 जुलाई की रात उनका बहनोई महेंद्र पाल वहां आया और रात में वहीं रुका था। आरोप है कि महेंद्र को अपनी पत्नी का सास से मिलना-जुलना पसंद नहीं था और इसी रंजिश में उसने मोहन देई की कथित तौर पर हत्या कर दी।

तहरीर के मुताबिक, घटना के अगले दिन जब मोहन देई घर पर नहीं मिलीं तो परिजनों ने उनकी खोज की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। कई दिनों तक खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार देर शाम परिजन घर के बाहर जले हुए भूसे के ढेर की राख हटा रहे थे।

इसी दौरान वहां से जली हुई हड्डियां और कांच की चूड़ियां मिलीं। इसके बाद हत्या की आशंका पर परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़