उत्तराखंड स्थापना दिवस: PM Modi ने सराही 26 साल की विकास यात्रा, धामी को लिखा पत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे पत्र में प्रधानमंत्री ने राज्य के नागरिकों को स्थापना दिवस की बधाई दी और कनेक्टिविटी विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन जैसी परियोजनाएं प्रदेश की प्रगति को नई रफ्तार दे रही हैं।
नयी दिल्ली/देहरादून, नौ नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को उत्तराखंड के राज्य स्थापना दिवस पर अपनी शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा और उसकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा। उत्तराखंड का निर्माण नौ नवंबर 2000 को हुआ था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे एक पत्र में प्रधानमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों को इस मौके पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए उत्तराखंड की स्थापना की वर्षगांठ यहां के लोगों के अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और अनवरत प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय जिन आकांक्षाओं के साथ उत्तराखंड का निर्माण हुआ था, राज्य उन्हें साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसे उत्तराखंड को प्रकृति के अनुपम सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का संगम बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम इसी धरती से होता है जबकि पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा उत्तराखंड को देश की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनाती है। उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने राज्य के अनेक क्षेत्रों में लंबा समय बिताया है।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा, बुग्यालों का आशीर्वाद और माताओं-बहनों का स्नेह आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पिछले एक दशक में राज्य की कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे का व्यापक विस्तार हुआ है।
उन्होंने इस संबंध में केंद्र द्वारा 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर सड़क परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश तथा 125 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि ये चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के साथ ही प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने हाल में बने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को भी उत्तराखंड के पर्यटन, व्यापार और उद्योगों के लिए नई क्रांति बताते हुए कहा कि देहरादून हवाईअडडे का विस्तार, पिथौरागढ़ हवाईअडडे का संचालन, बनबसा में नए हेलीपैड की स्वीकृति तथा हेलिपोर्ट और हेलिपैड नेटवर्क का विस्तार राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत कर रहा है। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण को विशेष महत्व का कार्य बताते हुए कहा कि उसके लिए सैकड़ों करोड़ रुपये के कार्य किए गए हैं जबकि बदरीनाथ धाम में भी लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट, प्लाजा और मास्टर प्लान के तहत विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।
मोदी ने सीमावर्ती गांवों को केवल सीमाओं की पहचान नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का प्रतीक बताया और कहा कि ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों में स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन को प्रोत्साहन देने के साथ ही बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए साहसिक पर्यटन, 365—डे पर्यटन , विंटर टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म और सस्टेनेबल टूरिज्म को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। हरिद्वार में अगले साल होने वाले अर्धकुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र द्वारा 500 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।
प्रधानमंत्री ने राज्य में सामाजिक एवं आर्थिक विकास, ऊर्जा,पेयजल, महिला सशक्तिकरण, पूर्व सैनिकों, किसानों, खिलाड़ियों के लिए योजनाओं तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को देश के लिए एक उदाहरण बताया तथा सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता जैसे कदमों की सराहना की। उन्होंने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक त्योहारों और खानपान का भी विशेष उल्लेख किया तथा कहा कि ये राज्य की विशिष्ट पहचान हैं।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड आगे भी प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि उत्तराखंड का हर गांव, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक युवा विकास के अवसरों से जुड़े और इसी संकल्प के साथ ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश और उत्तराखंड की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा कहा कि उनका राज्य से विशेष लगाव और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से राज्य में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त विश्वास और अपेक्षाएं राज्य सरकार के संकल्प को और मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अन्य न्यूज़














