PM Narendra Modi करेंगे Bengaluru Metro के नए चरण की शुरुआत, गुजरात में अंबाजी मंदिर जाएंगे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधानमंत्री 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ ही वह मैसूरु में तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। गुजरात प्रवास के दौरान वह प्रसिद्ध शक्तिपीठ अंबाजी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13-14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर जायेंगे और इस दौरान वह बेंगलुरु मेट्रो के नये चरण की शुरुआत करेंगे और बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और इन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। गुजरात में वह बनासकांठा स्थित अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। यह मंदिर 51 पूजनीय शक्ति पीठों में से एक है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मोदी 13 नवंबर को बेंगलुरु में ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके अनुसार प्रधानमंत्री तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे और उसमें सफर करेंगे। साथ ही वह बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

बयान के अनुसार इसके बाद प्रधानमंत्री मैसूरु जाएंगे जहां वह भारत वन में एक पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे और कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। वह इस मौके पर जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। इन विकास परियोजनाओं में शहरी परिवहन, बिजली पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम बुनियादी ढांचे, अपशिष्ट प्रबंधन और रेलवे जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।

मोदी 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित मंगलुरु में भारत की सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे। अस्सी हजार मीट्रिक टन भंडारण क्षमता वाला यह केंद्र भारत की एलपीजी भंडारण अवसंरचना को काफी सुदृढ़ बनायेगा। बयान के अनुसार मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों - चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे।

पुनर्विकसित स्टेशनों से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर के केंद्र में संचालित होने से इनसे क्षेत्र में स्थानीय वाणिज्यिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मोदी 284 किमी लंबी गदग-होतगी दोहरीकरण परियोजना का हिस्सा, 45 किमी लंबी बागलकोट-वंडाल रेलवे लाइन दोहरीकरण खंड राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह खंड यात्री और माल ढुलाई में सुधार लाएगा, स्थानीय कारोबार के लिए लाभप्रद होगा और कुडगी एनटीपीसी संयंत्र को कोयले की आपूर्ति करेगा।

बयान के अनुसार मोदी बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जो बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज और आधुनिक रेल संपर्क प्रदान करेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़