PM Modi बोले, भारत के प्रयासों से Yoga को मिली वैश्विक पहचान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के आवासीय मुख्यालय परिसर ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की पहल से ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अस्तित्व में आया और यह विधा अब दुनिया में देश को समझने का प्रमुख माध्यम बन चुकी है। इस दौरान उन्होंने केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के नए ऑफ-कैंपस केंद्र की भी शुरुआत की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत की पहल के कारण योग आज दुनियाभर में लोकप्रिय हो गया है और उनकी विदेश यात्राओं के दौरान लोग उनसे अक्सर योग के बारे में चर्चा करते हैं। प्रधानमंत्री ने यहां स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) के आवासीय मुख्यालय परिसर ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग अब भारत को समझने का माध्यम बन गया है और कई शाही परिवार पूरी तरह से इसके प्रति समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस शहर में योग की अद्भुत ऊर्जा का अनुभव करने का मौका मिल रहा है।
मोदी ने कहा कि भारत की पहल की वजह से ही पूरी दुनिया ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ मनाती है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जिस भी देश में जाता हूं, लोग दोपहर या रात के भोजन के दौरान मुझसे योग के बारे में चर्चा करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि कर्नाटक वह भूमि है जहां योग से जुड़े कई गुरुओं और विद्वानों का जन्म हुआ है। उन्होंने कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज कलाकार डॉ. राजकुमार का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी योगाभ्यास करते थे।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने डिजिटल माध्यम से ‘गोल्डन जुबली एडमिन ब्लॉक’ की आधारशिला रखी और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के ऑफ-कैंपस केंद्र की शुरुआत की।
अन्य न्यूज़













