LK Advani के 100वें वर्ष में प्रवेश पर PM Modi ने घर पहुंचकर दी जन्मदिन की बधाई

वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के 99 वर्ष पूरे करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को उनके आवास पहुंचे। प्रधानमंत्री ने एक लेख के जरिए आपातकाल, जनसंघ और रथ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण पड़ावों में आडवाणी के योगदान को याद किया।
नयी दिल्ली, आठ नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर जाकर उन्हें उनके जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर बधाई दी। आडवाणी का जन्म आठ नवंबर 1927 को हुआ था। आडवाणी रविवार को 99 वर्ष के हो गए और अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर गए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। इससे पहले, मोदी ने कहा था कि आठ नवंबर एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि आडवाणी अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस विशेष अवसर पर मेरी ओर से उन्हें शुभकामनाएं।’’ प्रधानमंत्री ने एक समाचार पत्र में लेख भी लिखा है, जिसमें उन्होंने भारत के लिए आडवाणी के अविस्मरणीय योगदान को रेखांकित किया है।
मोदी ने कहा, ‘‘मैं उनकी जीवन यात्रा को याद करता हूं, जिसमें विभाजन की भयावहता का अनुभव करने और शून्य से जीवन फिर शुरू करने, जनसंघ को मजबूत बनाने और भाजपा का गठन करने, आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए खड़े होने, सोमनाथ से अयोध्या तक रथ यात्रा का नेतृत्व करने और सरकार में रहकर देश की सेवा करने जैसे पड़ाव शामिल हैं।’’
अन्य न्यूज़














