Draupadi Murmu Birthday: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मना रही 65वां जन्मदिन, जगन्नाथ मंदिर में की पूजा

President Draupadi Murmu in temple
प्रतिरूप फोटो
Twitter @rashtrapatibhvn
रितिका कमठान । Jun 20 2023 12:23PM

देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून को अपना 65वां जन्मदिन मना रही है। इस दौरान उन्होंने दिल्ली स्थित जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना भी की। इस दिन से ही ओडिशा के पुरी में भी जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारंभ होने जा रहा है।

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अपना जन्मदिन मना रही है। जन्मदिन के मौके पर उन्होंने मंगलवार को भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2023 के निकलने से पहले दिल्ली स्थित हौज खास के जगन्नाथ मंदिर में खास पूजा अर्चना की है। दोपहर में दिल्ली में भी रथयात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर दिल्ली यातायात पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है।

गौरतलब है कि 20 जून से ही ओडिशा के पुरी में भी रथयात्रा की शुरआत हो रही है और इसी दिन देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपना 65वां जन्मदिन भी मना रही है। इस दौरान उन्होंने जगन्नाथ मंदिर में पहुंचकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। बता दें कि भारत के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर 25 जुलाई 2022 को उन्‍होंने शपथ ग्रहण की थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं
बता दें कि राष्ट्रपति के जन्मदिन के खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दी। उनके स्वास्थय और लंबे जीवन के लिए कामना भी की। पीएम मोदी ने लिखा, राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की बधाई। हमारे लोगों के कल्याण के लिए ज्ञान, गरिमा और प्रतिबद्धता की एक किरण, देश की प्रगति को आगे बढ़ाने के उनके प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा की जाती है। उनका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता रहेगा। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हैं।

अमित शाह ने भी किया ट्वीट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। राष्ट्र सेवा व समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रति आपका समर्पण प्रेरणीय है। प्रशासनिक व जनसेवा के क्षेत्र में आपके अनुभव का लाभ देश को मिल रहा है। आपके स्वास्थ्यपूर्ण सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूँ। 

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्म 20 जून को 1958 में हुआ था। उनका जन्म ओडिशा के रायरंगपुर के बैदापोसी क्षेत्र के उपरबेड़ा गांव में हुआ था। ओडिशा में रहते हुए उन्होंने वर्ष 2000 से 2004 तक ओडिशा सरकार में राज्य मंत्री के तौर पर कार्य किया था। इसके बाद 2000 से 2009 तक वो ओडिशा विधान सभा के सदस्य के तौर पर भी काम कर चुकी है। इसके बाद वर्ष 2015 से 2021 तक वो झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी है। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़