Mumbai terror attack: सुवेंदु अधिकारी ने 26/11 के शहीदों और पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर 26/11 मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाबलों को याद किया। उन्होंने इस हमले को कायरतापूर्ण बताते हुए जवानों की सेवा और वीरता को अविस्मरणीय कहा। लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों द्वारा किए गए इस भीषण हमले में 166 लोगों की जान गई थी।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 18 साल पहले मुंबई में हुए आतंकी हमलों में मारे गए लोगों को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी और देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सुरक्षाकर्मियों को भी नमन किया। अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस आतंकी हमले को ‘कायरतापूर्ण हमला’ बताया। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की वीरता और निस्वार्थ सेवा हर भारतीय की स्मृतियों में हमेशा अंकित रहेगी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘26/11 के भयावह मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर इस कायरतापूर्ण हमले में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष लोगों को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं गहरी कृतज्ञता के साथ अपने बहादुर सुरक्षाकर्मियों और उन वीरों को नमन करता हूं, जिन्होंने देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी वीरता और निस्वार्थ सेवा हर भारतीय की स्मृतियों में हमेशा अंकित रहेगी।’’ मुंबई में 26/11 के आतंकी हमलों को लश्कर-ए-तैयबा के 10 भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने अंजाम दिया था।

ये सभी समुद्र के रास्ते पाकिस्तान से मुंबई पहुंचे थे। इस हमले में विदेशियों समेत 166 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह किसी भारतीय शहर में हुए सबसे भीषण आतंकी हमलों में से एक था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़