Delhi Tihar Jail में कैदी की हत्या, भोजन को लेकर हुई थी बहस

Delhi Tihar Jail
प्रतिरूप फोटो
ANI

दीपक को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई और उसे डीडीयू अस्पताल भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। दिल्ली के शकरपुर का रहने वाला दीपक पश्चिम विहार में डकैती और हत्या के मामले में जेल में बंद था।

दिल्ली की तिहाड़ जेल में शुक्रवार को एक कैदी की दूसरे कैदी ने एक नुकीले हथियार से हमला करके हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना जेल संख्या तीन में दोपहर के समय हुई जब कैदियों को दोपहर का भोजन परोसा जा रहा था।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर के अनुसार, दो कैदियों - दीपक सोनी (29) और अफगानिस्तानी नागरिक अब्दुल बशीर अखोंदजादा (44) के बीच भोजन को लेकर बहस हो गई। अब्दुल ने दीपक पर एक धारदार हथियार से वार किया।

विचित्र वीर ने कहा कि दीपक की छाती पर जख्म आये। तिहाड़ जेल के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेल कर्मी और त्वरित प्रतिक्रिया टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हमलावर को पकड़ लिया।

दीपक को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई और उसे डीडीयू अस्पताल भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। दिल्ली के शकरपुर का रहने वाला दीपक पश्चिम विहार में डकैती और हत्या के मामले में जेल में बंद था।

पुलिस ने बताया कि अब्दुल लाजपत नगर में हत्या के प्रयास के एक मामले में बंद है। पुलिस ने कहा कि अब्दुल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि अदालत में पेशी के बाद उसे वापस तिहाड़ भेज दिया जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़