भारत जोड़ो यात्रा में 23 नवंबर से चार दिनों के लिए शामिल होंगी प्रियंका

Bharat Jodo Yatra
प्रतिरूप फोटो
ANI

ऐसा पहली बार होगा जब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस यात्रा में शामिल होंगी। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि यात्रा बुधवार को सुबह बुरहानपुर जिले से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी यात्रा में शामिल होने के लिए कल शाम पहुंचेंगी।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा बुधवार से मध्य प्रदेश में चार दिनों के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगी। यह जानकारी कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने दी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का नेतृत्व कांग्रेस नेता एवं प्रियंका गांधी के भाई राहुल गांधी कर रहे हैं। ऐसा पहली बार होगा जब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस यात्रा में शामिल होंगी। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि यात्रा बुधवार को सुबह बुरहानपुर जिले से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी यात्रा में शामिल होने के लिए कल शाम पहुंचेंगी।’’

इससे पहले दिन में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सुबह ट्वीट करके प्रियंका गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा के लिए आज भी विश्राम का दिन है। कल यात्रा बुरहानपुर के पास मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वहां 4 दिनों के लिए यात्रा में शामिल होंगी। कमलनाथ ने कहा कि यात्रा का मध्य प्रदेश चरण सबसे सफल होगा। उन्होंने कहा, ‘‘गांधी ने देश के संविधान, लोकतंत्र, संस्कृति और लोगों की रक्षा के लिए यात्रा शुरू की है। यात्रा के मध्य प्रदेश चरण के दौरान, हर दिन एक नया दिन होगा क्योंकि समाज का हर वर्ग इससे जुड़ा हुआ है। यात्रा का प्रत्येक दिन समाज के विशेष वर्गों को समर्पित होगा।’’

कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि यात्रा राजस्थान में प्रवेश करने से पहले बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा जिलों से होकर गुजरेगी। बीते सात सितंबर से आरंभ हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में अब तक प्रियंका गांधी शामिल नहीं हुई थीं। वह पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार अभियान में व्यस्त थीं। पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या में इस यात्रा का हिस्सा बनी थीं और राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की थी। राहुल गांधी और कई अन्य नेताओं ने सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से इस यात्रा की शुरुआत की थी। वे 3570 किलोमीटर की दूरी तय करके श्रीनगर पहुंचेंगे और वहीं यह यात्रा संपन्न होगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़