Mohali के ट्रक चालक Baljinder Singh की खुली किस्मत, Diwali Bumper में जीते 12 करोड़ रुपये

पंजाब के मोहाली निवासी एक ट्रक चालक ने पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी का 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीता है। डेरा बस्सी के हमयुनपुर गांव के रहने वाले बलजिंदर सिंह पिछले 15 वर्षों से त्योहारों पर टिकट खरीद रहे थे। ड्रॉ के नतीजे आने के बाद उनके गांव में जश्न का माहौल है और लोग एक-दूसरे को मिठाइयां खिला रहे हैं।
पंजाब के मोहाली के रहने वाले ट्रक चालक बलजिंदर सिंह पिछले 15 वर्षों से त्योहारों के दौरान नियमित रूप से लॉटरी टिकट खरीदते आ रहे थे और उनकी यह आदत रंग लाई। सिंह ने इस साल पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी का पहला पुरस्कार जीत लिया और उन्हें 12 करोड़ रुपये मिले। मोहाली के डेरा बस्सी इलाके के हमयुनपुर गांव के रहने वाले ट्रक चालक ने कहा कि वह बेहद भाग्यशाली है कि लॉटरी के माध्यम से अमीर बनने का उसका लंबे समय से संजोया सपना आखिरकार सच हो गया।
दो बच्चों के पिता सिंह ने बताया कि वह 15 साल से अधिक समय से त्योहारों पर लॉटरी के टिकट खरीद रहे थे, लेकिन उन्होंने इस बारे में अपने परिजनों को कभी नहीं बताया। सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, मैं 2010 से त्योहारों पर लॉटरी खरीदता आ रहा हूं। मुझे हमेशा से उम्मीद थी कि एक दिन भगवान मेरी प्रार्थना सुनेंगे और मैं लॉटरी जीतूंगा।
यह खबर मिलते ही उनके गांव में जश्न का माहौल छा गया, स्थानीय लोग परिवार को बधाई देने के लिए सिंह के घर पहुंचे और मिठाई बांटी। लॉटरी विभाग ने 16 नवंबर को पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर 2026 का ड्रॉ निकाला।
अन्य न्यूज़













