गैंगस्टर Gurwinder Afridi की निशानदेही पर Punjab Police ने दबोचे 5 साथी, 11 पिस्तौल बरामद

इथियोपिया से प्रत्यर्पित किए गए गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक संगठित गिरोह के पांच गुर्गों को पकड़ा है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और तरनतारन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों से 11 पिस्तौल और 191 कारतूस जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी सीमापार से हथियारों की तस्करी और जबरन वसूली के मामलों में शामिल रहे हैं।
पंजाब पुलिस ने हाल ही में इथियोपिया से प्रत्यर्पित करके लाए गए गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी से पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारियों के आधार पर एक संगठित आपराधिक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने तरनतारन पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में आरोपियों के कब्जे से 11 पिस्तौल और 191 कारतूस भी बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि अफरीदी को आठ नवंबर को इथियोपिया से भारत लाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। गैंगस्टर से लगातार हिरासत में पूछताछ के दौरान पंजाब में उसके गिरोह को सक्रिय रूप से चला रहे कई सदस्यों की पहचान और उनकी भूमिका के बारे में अहम जानकारियां मिलीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन के गांदीविंड निवासी अजयपाल सिंह, तरनतारन के तलवंडी शोभा सिंह निवासी जसविंदर सिंह उर्फ मुंसी, तरनतारन के काले के गांव निवासी करणवीर उर्फ करण, तरनतारन के भोजोके गांव निवासी रंजीत राणा और फिरोजपुर के रुकनेवाला गांव निवासी रंजीत सिंह उर्फ राणा के रूप में हुई है।
यादव ने बताया कि बरामद हथियारों में नौ एमएम के पांच पिस्तौल, प्वॉइंट 30 बोर की पांच पिस्तौल और प्वॉइंट 32 बोर की एक पिस्तौल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी जबरन वसूली के लिए गोलीबारी की घटनाओं समेत 15 से अधिक आपराधिक मामलों में कथित रूप से शामिल हैं। डीजीपी ने बताया कि ये आरोपी विदेश में बैठे आकाओं के इशारे पर सीमापार से हथियारों की तस्करी में भी कथित रूप से शामिल हैं।
ये आका उन्हें पंजाब में गंभीर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने का काम सौंपते थे।
अन्य न्यूज़














