Punjab Police ने Ethiopia से डिपोर्ट कराया गैंगस्टर Gurwinder Afridi, 5 लाख का था इनाम

Punjab Police ने Ethiopia से डिपोर्ट कराया गैंगस्टर Gurwinder Afridi, 5 लाख का था इनाम
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से डोनी बल-प्रभ दासूवाल गिरोह के वांछित गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ आफरीदी को इथियोपिया से भारत निर्वासित कराया है। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार दस महीने तक चले ऑपरेशन शहीद के जरिए आरोपी को पकड़ा गया, जिस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह गैंगस्टर विदेश में बैठकर राज्य में लक्षित हत्याओं और जबरन वसूली का नेटवर्क चला रहा था।

चंडीगढ़, आठ नवंबर पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से वांछित गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ आफरीदी को 10 महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय तलाश के बाद इथियोपिया से निर्वासित कराकर भारत लाने में सफलता हासिल की है। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि राज्य सरकार ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए पांच लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

डीजीपी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक बड़ी सफलता के तहत, पंजाब की ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) ने काउंटर इंटेलिजेंस, पंजाब की ‘ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल’ (ओएफटीईसी) के साथ मिलकर और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से डोनी बल-प्रभ दासूवाल गिरोह के प्रमुख सरगना गुरविंदर उर्फ आफरीदी को 10 महीने तक चले अंतरराष्ट्रीय तलाश अभियान ऑपरेशन शहीद के बाद इथियोपिया से निर्वासित कराने में सफलता हासिल की है।’’ उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश से पंजाब में लक्षित हत्याओं, जबरन वसूली के लिए गोलीबारी की घटनाओं और संगठित आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश दे रहा था। डीजीपी ने कहा कि इस अभियान के तहत एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में लगातार खुफिया जानकारी जुटाई गई, निगरानी की गई और आरोपी का पता लगाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ करीबी समन्वय रखा गया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए विदेश मंत्रालय और अन्य सभी केंद्रीय एजेंसियों का आभार व्यक्त करते हैं।’’ यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, संगठित अपराध रोकने और पूरे राज्य में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़