Punjab Police ने विदेशी नेटवर्क से जुड़े गिरोह के सात तस्कर पकड़े, हथगोला और हेरोइन बरामद

अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक हथगोला, दो पिस्तौल और 3.491 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार यह गिरोह विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में था जो अपराधियों को हथियार मुहैया कराते थे।
पंजाब में एक हथगोला, दो पिस्तौल और 3.491 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई और इस मामले में सात लोगों को पकड़ा गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए यह बरामदगी की।
यादव ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेशों में बैठे ऐसे तस्करों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की आपूर्ति करते हैं। इन हथियारों को आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था।’’ उन्होंने बताया कि इस संबंध में चाटीविंड और लोपोके थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इससे जुड़े अन्य लोगों एवं उनके संपर्कों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
डीजीपी यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मादक पदार्थों, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी में शामिल लोगों तथा संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अन्य न्यूज़













