Punjab Police ने BFUHS परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर 35 गिरफ्तार किये

पंजाब पुलिस ने बीएफयूएचएस फार्मेसी परीक्षा के दौरान हरियाणा के भिवानी से चलाए जा रहे एक अंतरराज्यीय नकल गिरोह का भंडाफोड़ कर 35 लोगों को गिरफ्तार किया है। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने चंडीगढ़ में बताया कि यह पेपर लीक नहीं, बल्कि उन्नत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल कराने वाला संगठित गिरोह था। पुलिस के अनुसार काउंटर इंटेलिजेंस और क्षेत्रीय पुलिस टीमों ने खुफिया जानकारी के आधार पर 19 जुलाई को यह कार्रवाई की।
पंजाब पुलिस ने कथित तौर पर हरियाणा के भिवानी से संचालित एक अंतरराज्यीय नकल गिरोह का भंडाफोड़ किया और ‘बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज’ (बीएफयूएचएस) फार्मेसी परीक्षा के दौरान नकल करने वाले 10 लोगों और 25 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि जांच से पता चला है कि यह पेपर लीक का मामला नहीं था, बल्कि नकल कराने वाले एक बेहद संगठित गिरोह का था, जो प्रौद्योगिकी और तकनीकी उपकरणों के जरिये नकल करवा रहा था। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है जो परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को नकल में मदद करने के लिए उन्नत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करता था।
मंत्री ने आरोप लगाया कि गिरोह को हरियाणा के भिवानी स्थित एक मुख्य आरोपी द्वारा संचालित किया जा रहा था। उन्होंने संगठित परीक्षा नकल को रोकने में कथित रूप से विफल रहने के लिए हरियाणा सरकार की आलोचना की। बैंस ने जोर देकर कहा कि भगवंत मान सरकार किसी को भी पंजाब की शिक्षा प्रणाली को बदनाम करने की इजाजत नहीं देगी।
पुलिस महानिरीक्षक (फरीदकोट रेंज) नीलांबरी जगदाले ने कहा कि 19 जुलाई को बीएफयूएचएस फार्मेसी परीक्षा में नकल कराने की साजिश रच रहे एक गिरोह के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद ‘काउंटर इंटेलिजेंस विंग’ तथा फरीदकोट और फिरोजपुर रेंज की पुलिस टीमों द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया।
अन्य न्यूज़















