Punjab University ने टालीं परीक्षाएं, पंजाब के निजी स्कूलों में भी छुट्टी

कौमी इंसाफ मोर्चा द्वारा सिख कैदियों की रिहाई के समर्थन में दिए गए पंजाब बंद के आह्वान के बाद पंजाब विश्वविद्यालय ने अपनी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। अब यह स्थगित परीक्षाएं 10 सितंबर को आयोजित की जाएंगी। वहीं फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स एंड एसोसिएशन ऑफ पंजाब ने भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 7,500 से अधिक निजी विद्यालयों में छुट्टी घोषित की है।
‘कौमी इंसाफ मोर्चा’ के पंजाब बंद के आह्वान के मद्देनजर राज्य के निजी विद्यालयों के एक महासंघ ने बृहस्पतिवार को छुट्टी की घोषणा की। वहीं पंजाब विश्वविद्यालय ने 21 अगस्त को होने वाली परीक्षाओं का समय बदल दिया। मोर्चा ने ‘बंदी सिंहों’ (सिख कैदियों) की रिहाई की मांग को लेकर 21 अगस्त को बंद का आह्वान किया है।
राज्य में शुक्रवार को सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रहेगा। छात्रों को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए पंजाब विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को होने वाली उन परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है, जिनमें कुछ विद्यार्थी पहले शामिल नहीं हो पाए थे। अब ये परीक्षाएं 10 सितंबर को आयोजित की जाएंगी।
राज्य के 7,500 से अधिक निजी विद्यालयों का प्रतिनिधित्व करने वाले ‘फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स एंड एसोसिएशन ऑफ पंजाब’ (एफएपी) ने कहा कि उसने 21 अगस्त को सभी विद्यालयों में छुट्टी की घोषणा की है। एफएपी के अध्यक्ष जगजीत सिंह धुरी ने एक बयान में कहा कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। मोर्चा नेताओं ने बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारियों, दुकानदारों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, परिवहन संचालकों और शिक्षण संस्थानों समेत समाज के सभी वर्गों से समर्थन मांगा है।
अन्य न्यूज़













