Rahul Gandhi ने Chennai में MK Stalin से की मुलाकात, परिसीमन कानून के विरोध की अपील की

विपक्षी गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल के साथ चेन्नई पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात कर केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन कानून का विरोध करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने से देश में लोकतंत्र और क्षेत्रीय हितों को नुकसान पहुंचेगा। हालांकि स्टालिन ने तमिलनाडु के हितों की सुरक्षा का हवाला देते हुए विधेयक का समर्थन करने के रुख पर कायम रहने की बात कही।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर भाजपा को लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने के जरिये संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से परिसीमन करने की अनुमति दी गई, तो भारत में लोकतंत्र ‘‘खत्म’’ हो जाएगा। उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एमके स्टालिन से केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन कानून का विरोध करने की अपील की। यहां विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल की स्टालिन से मुलाकात के बाद चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में गांधी ने वार्ता को ‘बहुत अच्छी और सौहार्दपूर्ण’ बताया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ने सोमवार से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक से पहले द्रमुक प्रमुख के सामने अपनी चिंताएं रखी हैं। गांधी ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि परिसीमन के साथ 850 सदस्यों वाली संसद और भाजपा को इन 850 सीटों का स्वरूप पूरी तरह से तय करने तथा भारत के निर्वाचन क्षेत्रों की प्रकृति बदलने की अनुमति देना न केवल राष्ट्र के लिए नुकसानदेह है, बल्कि दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदेह है।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने से मिलने वाली अतिरिक्त गुंजाइश का इस्तेमाल देश के निर्वाचन क्षेत्रों का पूरा स्वरूप बदलने के लिए करना चाहती है। उन्होंने दावा किया, ‘‘वे असम में इस विचार को पहले ही आजमा चुके हैं।
उन्होंने जम्मू कश्मीर में भी इसे आजमाया है और अब वे इसे पूरे भारत में लागू करना चाहते हैं।’’ स्टालिन से सीधे अपील करते हुए गांधी ने उन्हें ‘‘भाई स्टालिन’’ और ‘‘तमिलनाडु का प्रबल रक्षक’’ बताया। उन्होंने कहा कि द्रमुक नेता को राज्य के हितों की रक्षा करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भाजपा की ‘गंदी साजिश’ कामयाब न हो। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला करते हुए गांधी ने आरोप लगाया कि वह एक ‘‘तमिल विरोधी ताकत’’ है, जो ‘‘तमिल सभ्यता, तमिल भाषा और तमिल संस्कृति के विचार से नफरत करती है और उन्हें खत्म करना तथा उन पर नियंत्रण करना चाहती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब भाजपा 850 सीटों के जरिये भारत के निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदल देगी, तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
तमिल संस्कृति और तमिल भाषा पर चौतरफा हमला शुरू हो जाएगा। मेरी इस बात को याद रखिएगा।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या द्रमुक ने इस विधेयक का विरोध करने के कांग्रेस के अनुरोध को खारिज कर दिया है, गांधी ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है कि क्षेत्रीय दल ने सार्वजनिक रूप से क्या कहा है या क्या फैसला किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि द्रमुक ने क्या कहा है या क्या किया है।
मैं आपको बता रहा हूं कि हमने क्या चर्चा की और भाई स्टालिन के सामने क्या बातें रखीं। हमने उनसे कहा कि यह तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल लोगों, भारतीय संघ और भारत के लिए खतरा है। और भाई स्टालिन को अन्य सभी देशभक्त लोगों की तरह इस खतरे के खिलाफ खड़ा होना चाहिए।’’ इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी सहित ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां स्टालिन के आवास पर उनसे मुलाकात की।
यह मुलाकात संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 का विरोध करने के लिए द्रमुक को मनाने की आखिरी कोशिश के तौर पर हुई। हालांकि, द्रमुक ने प्रस्तावित विधेयक का समर्थन करने के अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही। स्टालिन ने कहा कि विधेयक के गिरने से तमिलनाडु को लोकसभा में अपनी मौजूदा सीटों की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने के लिए मिलने वाला न्यूनतम संरक्षण भी खत्म हो सकता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सोमवार को संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पेश करने वाली है।
अन्य न्यूज़













