Delhi Special NIA Court ने ISIS साजिश मामले में दोषी को 5 साल की कैद सुनाई

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण की विशेष अदालत ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़े कट्टरपंथ मामले में तौहीद लतीफ सोफी को कठोर कारावास और 12,000 रुपये जुर्माने की सजा दी है। आरोपी द्वारा अपने ऊपर लगे सभी आरोप स्वीकार करने के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया। इस मामले में अब तक पांच आरोपी अपना जुर्म कबूल कर चुके हैं, जबकि बाकी लोगों पर मुकदमा जारी है।
दिल्ली की एक विशेष एनआईए अदालत ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) की साजिश के तहत युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए उकसाने के मामले में एक व्यक्ति को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की ओर से रविवार को जारी बयान के मुताबिक, तौहीद लतीफ सोफी ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया था, इसके बाद उसे दोषी ठहराया गया। अदालत ने उस पर 12,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
एनआईए ने बताया कि इस मामले में ताजा फैसले के साथ अब तक पांच आरोपी अपना अपराध स्वीकार करने के बाद दोषी ठहराए जा चुके हैं। बाकी आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई जारी है। यह मामला आईएसआईएस की उस साजिश से जुड़ा है, जिसके तहत भारत में युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर उन्हें अपने साथ जोड़ना और भारतीय सरकार के खिलाफ हिंसक जिहाद छेड़ने के लिए तैयार करना था।
एनआईए के बयान में कहा गया, “अलग-अलग संघर्ष वाले क्षेत्रों में सक्रिय आईएसआईएस के आतंकियों और भारत में मौजूद संगठन के सदस्यों ने फर्जी ऑनलाइन पहचान का इस्तेमाल करके एक नेटवर्क बनाया था। इस नेटवर्क के जरिए आईएसआईएस से जुड़ी सामग्री का प्रचार किया जाता था।”
अन्य न्यूज़













