Rahul Gandhi ने PM Modi पर लगाया देश के हित बेचने का आरोप, Adani केस का दिया हवाला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका की एक अदालत द्वारा उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला खारिज किए जाने के बाद केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दावा किया कि कमजोर नेतृत्व के कारण भारत को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। दूसरी तरफ अमेरिकी अदालत से राहत मिलने के बाद अदाणी समूह ने इसे सत्य की जीत बताया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका की एक अदालत द्वारा उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले को खारिज किए जाने का हवाला देते हुए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भारत के हितों को बेच दिया गया है। गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस मामले में जितना दिखाई दे रहा है, यह उससे कहीं अधिक है। कमजोर प्रधानमंत्री भारत के हितों को बेचने के लिए मजबूर हुए हैं।
भारत इसकी भारी कीमत चुका रहा है।’’ अमेरिका की एक अदालत ने अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और उनके भतीजे सागर अदाणी के खिलाफ प्रतिभूति धोखाधड़ी से जुड़े आपराधिक मामले को स्थायी रूप से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही यह मुकदमा बिना सुनवाई के समाप्त हो गया। न्यूयॉर्क के ‘यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट फॉर द ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट’ ने न्याय विभाग के नियम 48(ए) के तहत दायर याचिका स्वीकार करते हुए आरोपपत्र में शामिल दूसरे, तीसरे और चौथे आरोपों को खारिज कर दिया।
इसका अर्थ है कि इन आरोपों को दोबारा दाखिल नहीं किया जा सकता। इन आरोपों में प्रतिभूति धोखाधड़ी की साजिश, वायर धोखाधड़ी की साजिश और प्रतिभूति धोखाधड़ी के आरोप शामिल थे। अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए गौतम अदाणी ने मंगलवार को कहा था, ‘‘सत्य की जीत हुई।’’उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया के प्रति सम्मान जताया और कार्यवाही के दौरान (अदाणी) समूह के साथ खड़े रहने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अन्य न्यूज़













