राजस्थान में Tribal Community के विकास पर 3200 करोड़ रुपये खर्च होंगे, CM Bhajanlal Sharma का एलान

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनजातीय गौरव दिवस पर आदिवासी समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए तीन वर्षों में 3,200 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा की। सरकार पीएम-जनमन योजना के तहत आवास, सड़कें और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित कर रही है। इसके साथ ही राज्य के जनजातीय आस्था केंद्रों और खेल सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार ने जनजातीय समुदायों के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए तीन वर्षों में करीब 3,200 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है। शर्मा ने यहां ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार वंचित वर्गों को प्राथमिकता देने और दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के सिद्धांत पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को सुना।
इसके बाद उन्होंने जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद किया। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 2021 में शुरू किया गया जनजातीय गौरव दिवस अब राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है जिससे जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को पहचान मिली है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने को जनजातीय समुदाय को मिल रही पहचान का उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में राज्य में 10 आश्रम छात्रावास, तीन आवासीय विद्यालय, एक नया खेल छात्रावास और 250 मां-बाड़ी केंद्र शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत बारां जिले के सहरिया जनजाति बहुल क्षेत्रों में 15,233 आवास, संपर्क सुविधा के लिए 23 सड़कें और 15 बहुउद्देशीय केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा राज्य में 51 वन धन केंद्र स्थापित किए गए हैं।’’ शर्मा ने कहा कि ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष’ अभियान के तहत राजस्थान के 6,235 गांवों में करीब 55 लाख जनजातीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बारां के सीताबाड़ी, उदयपुर के कमलनाथ महादेव और जावर माता मंदिर, सलूंबर के सोनार माता मंदिर तथा बांसवाड़ा के सालाकेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न जनजातीय धार्मिक एवं आस्था केंद्रों का विकास किया जा रहा है। शर्मा ने खेल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान के जनजातीय खिलाड़ियों ने 2024 में समरकंद में आयोजित एशियाई लैक्रोस चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। इस वर्ष रियाद में आयोजित एशियाई लैक्रोस खेलों में पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए।
इसके अलावा मलेशिया में आयोजित दक्षिण-पूर्व एशियाई लैक्रोस चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीता। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लैक्रोस खेलने वाले खिलाड़ियों ने उदयपुर में लैक्रोस अकादमी स्थापित करने और राज्य में खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। महिला राष्ट्रीय टीम की कप्तान सुनीता मीणा और पुरुष राष्ट्रीय टीम के उपकप्तान मोहनलाल गमेती ने कहा कि इन पहलों से दूरदराज के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में राज्य की विकास यात्रा और जनजातीय आस्था केंद्रों पर आधारित लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। इस अवसर पर जनजातीय क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक फूल सिंह मीणा और महेंद्रपाल मीणा, अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजीलाल मीणा सहित जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अन्य न्यूज़














