राजस्थान के अनेक हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग का अलर्ट

दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जुलाई से दो अगस्त के दौरान राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। पिछले 24 घंटों में मालपुरा में सबसे अधिक 117 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
जयपुर, 29 जुलाई दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के बीच राजस्थान के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा के तट पर बने मौसमी तंत्र के प्रभाव से बुधवार से राज्य के कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभागों के कुछ अन्य हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
इस दौरान राज्य के दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि 30 जुलाई से दो अगस्त के दौरान भी पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश और कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में भी 30 जुलाई से दो अगस्त के दौरान मानसून के फिर से सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी और कुछ जगहों पर अति भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 117 मिलीमीटर बारिश मालपुरा में दर्ज की गई।
इसके अलावा टोंक में 103 मिलीमीटर और जायल में 101 मिलीमीटर बारिश हुई।
अन्य न्यूज़














