Rajnath Singh शनिवार को Jammu में BJP की पदयात्रा की करेंगे अगुवाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत शनिवार को पंजतीर्थी से परेड मैदान तक निकलने वाली पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा करेंगे।

रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह शनिवार को जम्मू का दौरा करेंगे और इस दौरान वह पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पार्टी के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

भाजपा प्रवक्ता अरुण गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पदयात्रा कल सुबह पंजतीर्थी से शुरू होगी और ब्राह्मण सभा के पास परेड मैदान में समाप्त होगी, जहां एक जनसभा आयोजित की जाएगी।’’ उन्होंने बताया कि भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य सत शर्मा इस सभा की अध्यक्षता करेंगे, जबकि राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे। गुप्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम में कश्मीर समेत केंद्र शासित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पार्टी कार्यकर्ताओं, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। गुप्ता ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पूरे देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की है।

इसकी शुरुआत दिल्ली से हुई और फिर कांग्रेस विभिन्न राज्यों में अलग-अलग जगहों पर गई। ऐसे समय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने महसूस किया कि लोगों को यह संदेश देना जरूरी है कि देश में लोकतंत्र की रक्षा होनी चाहिए और अराजकता के माहौल को खत्म किया जाना चाहिए।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़