Rashtrapati Bhavan ने वापस लिया Bangladesh PM की तैयारी से जुड़ा बयान

Rashtrapati Bhavan
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राष्ट्रपति भवन ने नई दिल्ली में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के औपचारिक स्वागत अभ्यास को लेकर जारी प्रेस विज्ञप्ति को शुक्रवार को वापस ले लिया। इस निर्णय से पहले शनिवार को होने वाले चेंज ऑफ गार्ड समारोह को रद्द करने की घोषणा की गई थी। इस कदम के बाद आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले दोनों देशों के बीच कूटनीतिक अनिश्चितता और बढ़ गई है।

राष्ट्रपति भवन ने शुक्रवार को जारी अपने उस बयान को वापस ले लिया जिसमें बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के स्वागत समारोह से जुड़ी पूर्ण तैयारियों के लिए शनिवार के ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह को रद्द करने की घोषणा की गई थी। इससे इस उच्च स्तरीय दौरे को लेकर नए तरह का असमंजस पैदा हो गया है। पहले बयान में कहा गया था कि राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में कल शनिवार को होने वाला ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह(सुरक्षा गार्ड को बदले जाने से जुड़ा सैन्य कार्यक्रम) अब नहीं होगा, क्योंकि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के औपचारिक स्वागत के लिए पूर्ण अभ्यास किया जाना है।

इस सूचना को वापस लिए जाने से 12-13 सितंबर को होने वाले ‘ब्रिक्स’ शिखर सम्मेलन से पहले नयी दिल्ली और ढाका के बीच जारी कूटनीतिक तनाव उजागर हो गया है। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की हालिया मांग को लेकर दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी नए बयान में कहा गया, ‘‘कल शनिवार को ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह नहीं होगा, इस विषय पर 21 अगस्त, 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति वापस ली जाती है।’’ यह बयान उस सूचना के करीब एक घंटे बाद आया, जिसमें राष्ट्रपति भवन ने बताया था कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के स्वागत समारोह के पूर्ण अभ्यास के कारण साप्ताहिक ‘चेंज ऑफ गार्ड समारोह’ नहीं होगा।

इस घटनाक्रम से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित नयी दिल्ली दौरे को लेकर कूटनीतिक अनिश्चितता और बढ़ गई है। यह अनिश्चितता दोनों पड़ोसी देशों के बीच हालिया तनाव के कारण है, जो ढाका की ओर से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग किए जाने से पैदा हुई है। ‘ब्रिक्स’ शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का भारत दौरा प्रस्तावित है।

इससे पहले मंगलवार को, भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में बांग्लादेशी व्यापारिक नेताओं और भारत से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रहमान की यात्रा को ‘यादगार’ बनाना चाहते हैं। त्रिवेदी ने कहा था, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने बस एक बात कही है।

हमें मिलना चाहिए।’’ सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस को बृहस्पतिवार को दिए गए एक साक्षात्कार में बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा था कि जब तक ‘आपसी भरोसे’ का माहौल नहीं बन जाता और नयी दिल्ली की ओर से ‘सम्मानजनक आमंत्रण’ नहीं मिलता, तब तक रहमान के शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना ‘बहुत कम’ है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़