Uttarakhand: Ravi Tamta ने Almora में Electric Helicar का सफल परीक्षण किया

उत्तराखंड के अल्मोड़ा में काफलूखान निवासी 32 वर्षीय रवि टम्टा ने अपनी कार्यशाला में तैयार एक सीट वाली इलेक्ट्रिक हेलीकार का पहला उड़ान परीक्षण पूरा किया। हेपीडा स्काईनेक्स नाम के इस प्रोटोटाइप ने एक स्थानीय हेलीपैड पर एक मिनट तक सुरक्षित उड़ान भरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर युवा आविष्कारक को बधाई देते हुए उनके नवाचार की सराहना की है।
पिथौरागढ़, सात अगस्त उत्तराखंड में अल्मोड़ा के काफलूखान क्षेत्र के रहने वाले 32 वर्षीय युवा अविष्कारक रवि टम्टा ने शुक्रवार को ड्रोन तकनीक में नवाचार करते हुए अपनी कार्यशाला में खुद तैयार की गयी एक सीट वाली इलेक्ट्रिक हेलीकार के प्रोटोटाइप का सफल उड़ान परीक्षण किया। अल्मोड़ा में मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्थानीय स्तर पर तैयार हेलीकार ‘हेपीडा स्काईनेक्स’ ने एक मिनट तक उड़ान भरी और एक स्थानीय हेलीपैड पर सुरक्षित रूप से उतर गयी। प्रत्यक्षदर्शी शेखर द्विवेदी ने बताया, चार रोटर ब्लेड और बीच में एक सीट वाली इस हेलीकार को टम्टा ने वहां जमा भीड़ के सामने एक मिनट तक सफलतापूर्वक उड़ाया।
शेखर के अनुसार, टम्टा ने 2014 में स्थानीय स्तर पर असेंबल किए गए हेलीकॉप्टर को भी उड़ाया था। बाद में मौके पर इकट्ठा पत्रकारों को जानकारी देते हुए टम्टा ने कहा कि उनकी बनाई इलेक्ट्रिक हेलीकार का इस्तेमाल राजमार्गों पर यातायात नियंत्रण के काम में किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार उन्हें इजाज़त देगी, तो वह इस उपकरण का पेटेंट लेना चाहेंगे।
अपनी हेलीकार की क्षमता के बारे में बात करते हुए टम्टा ने कहा कि अगर डीजीसीए से अनुमति मिली तो वह अल्मोड़ा शहर से 40 किलोमीटर दूर अपने गांव काफलूखान तक का सफ़र 40 मिनट में तय कर सकते हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी रवि टम्टा के प्रोटोटाइप के सफल उड़ान परीक्षण पर उन्हें बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी यह उपलब्धि सिद्ध करती है कि हमारे युवाओं में प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच की कोई कमी नहीं है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में धामी ने कहा, “आपका यह अभिनव प्रयास उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विश्वास है कि आप भविष्य में भी अपने नवाचारों से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
अन्य न्यूज़













