Rawatbhata में CISF जवान प्रमीर सरकार की अपनी सर्विस राइफल से गोली लगने पर मौत

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित रावतभाटा परमाणु संयंत्र में शनिवार सुबह ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के 25 वर्षीय जवान प्रमीर सरकार की गोली लगने से जान चली गई। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला इनसास राइफल से खुदकुशी का लग रहा है और उन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित किया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
राजस्थान के रावतभाटा स्थित परमाणु बिजलीघर में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान की शनिवार को अपनी ही सरकारी राइफल से चली गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी प्रमीर सरकार (25) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय प्रमीर सुबह करीब साढ़े चार बजे रिएक्टर भवन के बाहर तैनात थे। चित्तौड़गढ़ के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने अपनी इनसास राइफल से आत्महत्या की है।’’ पुलिस ने बताया कि प्रमीर सरकार पिछली रात से संयंत्र में ड्यूटी पर तैनात थे और गोली चलने की आवाज सुनकर वहां मौजूद अन्य कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां प्रमीर जमीन पर पड़े मिले। पुलिस के मुताबिक, उनके सीने में गोली लगी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि उन्हें तत्काल संयंत्र के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
अन्य न्यूज़













