Rekha Gupta शनिवार को दिल्ली में Delhi Lakshmi Yojana पोर्टल की करेंगी शुरुआत

Rekha Gupta शनिवार को दिल्ली में Delhi Lakshmi Yojana पोर्टल की करेंगी शुरुआत
प्रतिरूप फोटो

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार सुबह 11 बजे गीता कॉलोनी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के पोर्टल की औपचारिक शुरुआत करेंगी। इसके साथ ही योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिसमें पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। सरकार का लक्ष्य सभी पात्र आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर रक्षाबंधन के अवसर पर पहली किस्त जारी करना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपनी सरकार की ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के पोर्टल की औपचारिक शुरुआत शनिवार को करेंगी और इसी के साथ योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को एक बायन में बताया कि गुप्ता सुबह 11 बजे गीता कॉलोनी स्थित जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के पोर्टल की शुरुआत करेंगी। इसमें कहा गया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

बयान के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं कुछ पात्र महिलाओं का पंजीकरण कराकर आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत करेंगी। इसके बाद अन्य पात्र महिलाओं के आवेदन भी पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाने शुरू हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर रक्षाबंधन के अवसर पर पहली किस्त जारी की जाए।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने महिलाओं से किया गया अपना महत्वपूर्ण वादा अब धरातल पर उतार दिया है और ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ महिलाओं के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को नई मजबूती देने वाली योजना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इसके लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और इससे 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने का अनुमान है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़