चुनाव बाद हिंसा में मारे गए कार्यकर्ताओं को दुर्गा पूजा में और अधिक करते हैं याद: दिलीप घोष

Dilip Ghosh

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोष ने दावा किया कि दो मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के कम से कम 53 कार्यकर्ताओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने रविवार को कहा कि पार्टी अपने उन कार्यकर्ताओं को दुर्गा पूजा के दौरान और भी ज्यादा याद करती है, जो पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा में मारे गए थे और पार्टी हमेशा उनके परिवार के सदस्यों के साथ खड़ी रहेगी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोष ने दावा किया कि दो मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के कम से कम 53 कार्यकर्ताओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 

इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में भाजपा को एक और बड़ा झटका, विधायक कृष्ण कल्याणी ने पार्टी को कहा बाय-बाय 

उन्होंने कहा कि जान गंवाने वाले पार्टी के कई सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र में दुर्गा पूजा समारोह में सक्रिय रूप से भाग लिया था। घोष ने भाजपा कार्यकर्ता अभिजीत सरकार के इलाके में एक दुर्गा पूजा में शामिल हुए, जो दो मई को कोलकाता के बेलघाटा इलाके में मारे गए थे। घोष ने कहा कि जान गंवाने वाले पार्टी कार्यकर्ता ने पिछले साल भी पूजा में भाग लिया था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके परिवार और दोस्तों के साथ रहने के लिए उनकी परार पूजा (पड़ोस की दुर्गा पूजा) में आया। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि अभिजीत को न्याय मिलेगा।’’ 

इसे भी पढ़ें: दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़, बंगाल सरकार ने भीड़ वाले स्थानों से बचने की अपील की 

नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को मार्की का दौरा किया था और बाद में ट्वीट किया था, कोलकाता के बेलघाटा में इस दुर्गा पूजा के दौरान दुखी हूं। आयोजकों ने चुनाव बाद हिंसा में जान गंवाने वाले स्थानीय लड़के अभिजीत सरकार की स्मृति में कोई भी खुशी प्रकट करने वाली ध्वनि बजाने से परहेज किया। ढोल भी शांत है।’’ हाल ही में भवानीपुर उपचुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से हारने वाली भाजपा नेता प्रियंका टिबरेवाल भी पूजा स्थल आयीं और कहा कि पार्टी सरकार के परिवार का समर्थन करना जारी रखेगी। टीएमसी के एक नेता ने कहा कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी दुर्गा पूजा पर राजनीति नहीं करना चाहती।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़