Dharmendra Pradhan Resignation | 'धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही सबसे सख्त कार्रवाई होगी', शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष, पीएम मोदी से की 3 माँगें

Dharmendra Pradhan
ANI
रेनू तिवारी । Jul 24 2026 9:17AM

प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक संसद में पेश किए जाने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन पर निशाना साधते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की।

पेपर लीक के खिलाफ संसद में कड़ा विधेयक (Bill) पेश करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आधी रात की घोषणा के बाद देश की सियासत गरमा गई है। विपक्षी दल कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने प्रधानमंत्री के इस कदम पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की है। विपक्ष का साफ कहना है कि किसी भी नए कानून से पहले परीक्षा माफिया को संरक्षण देने की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और सरकार का सबसे सख्त कदम धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाना ही होगा। कॉजपा ने बृहस्पतिवार को कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ सरकार की ओर से उठाया जाने वाला ‘‘सबसे कड़ा कदम’’ प्रधान को पद से हटाना होगा।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘मोदी जी, कल धर्मेंद्र प्रधान को हटा दीजिए। यह आपके द्वारा की जा सकने वाली सबसे सख्त कार्रवाई होगी।’’ कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रधानमंत्री की घोषणा पर कटाक्ष किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक व्यक्ति बिना चारदीवारी वाले परिसर का प्रवेश द्वार बंद करता नजर आ रहा है। इस तस्वीर को प्रस्तावित कानून पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।

इससे पहले, नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया जिसके बाद कॉजपा ने कहा कि उसे वांगचुक द्वारा 26 दिन से जारी अनशन समाप्त करने से ‘‘राहत और खुशी’’ हुई है, लेकिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर उनका शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।

इसे भी पढ़ें: NEET Student Protests | जवाबदेही मांगने वाले छात्रों के साथ राष्ट्र के दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही मोदी सरकार: सोनिया गांधी

इस बीच, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने करीब आधी रात जारी प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश में प्रधान के इस्तीफे की मांग की अनदेखी किए जाने को लेकर उनकी आलोचना की। गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री को विद्यार्थियों की समझदारी का अपमान नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मान्यवर मोदी जी, हमारे विद्यार्थी (शिक्षा मंत्री) धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आधी रात को जारी इस निरर्थक वीडियो से उनकी समझदारी का अपमान न करें। तीन काम कीजिए-पहला, प्रधान को हटाइए; दूसरा, विद्यार्थियों की पिटाई करने वालों को सजा दीजिए और तीसरा, माफी मांगिए।’’

इसे भी पढ़ें: Explained | Sonam Wangchuk के अनशन तोड़ने की असली वजह क्या है? सरकार ने उनसे क्या किए वादे ? जानिए पूरी बात

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद, प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विधेयक के मसौदे पर चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया जाएगा। मोदी ने यह भी कहा था कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक के आरोप सामने आने के बाद सरकार ने त्वरित अदालतों की व्यवस्था समेत कई कदम उठाए हैं और मामले में जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़