अजित पवार की मौत की CBI जांच हो, Rohit Pawar ने Amit Shah से की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राकांपा-शप के विधायक रोहित पवार ने पुणे दौरे पर आए गृह मंत्री अमित शाह से पूर्व उपमुख्यमंत्री की मौत की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने का आग्रह किया है। उन्होंने पुणे रिंग रोड का नाम भी दिवंगत नेता के नाम पर रखने की मांग उठाई है। मांगें पूरी न होने पर उन्होंने पुण्यतिथि पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार (शप) के विधायक रोहित पवार ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अजित पवार की मौत के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने और पुणे रिंग रोड का नाम उनके (अजित के) नाम पर रखने की घोषणा करने की अपील की। शाह रविवार से दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं। महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार का इस साल 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।

रोहित पवार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शाह सोमवार को पुणे जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने वाले हैं। उन्होंने दिवंगत नेता की प्रतिमा स्थापित करने की पहल का समर्थन करने वाले जिला परिषद के नेताओं का आभार जताया। राकांपा-शप के विधायक ने सवाल किया कि अजित पवार के समर्थन से राज्य सरकार में मंत्री पद पर बैठे लोग पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने की मांग क्यों नहीं कर रहे।

रोहित ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का योगदान अमूल्य था और उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक पुणे जिले के पालक मंत्री के रूप में सेवाएं दी थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कुछ लोग किसी बड़ी परियोजना का नाम अजित पवार के नाम पर रखे जाने के विरोध में हैं। विधायक ने कहा कि केवल उनकी प्रतिमा का अनावरण कर देना उनके योगदान का सम्मान करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।

रोहित पवार ने कहा, “बेहतर होगा कि अमित शाह पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने और उनकी मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा करें। ऐसा नहीं होने पर हम अजित पवार की पुण्यतिथि पर सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि यह पता लगाने के प्रयास जारी रहेंगे कि अजित पवार की मौत एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई ‘साजिश’ थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़