मौजूदा विदेश नीति में नैतिकता और दूरदृष्टि का अभाव: Salman Khurshid

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने हैदराबाद में कहा कि राजग सरकार की विदेश नीति को लेकर उनकी पार्टी की स्पष्ट असहमतियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा कूटनीति में नैतिकता, मूल्यों और भविष्य की सोच की कमी दिख रही है। 13 और 14 नवंबर को आयोजित होने वाले भारत समिट में पार्टी वैश्विक मंच पर अपना दृष्टिकोण रखेगी।
(फाइल फोटो के साथ) हैदराबाद, 11 नवंबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने बुधवार को कहा कि पार्टी को भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की विदेश नीति से कुछ स्पष्ट असहमतियां हैं और आरोप लगाया कि उसमें नैतिकता, मूल्यों और दूरदृष्टि का अभाव है। कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग प्रमुख खुर्शीद ने कहा कि 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित होने वाले ‘भारत समिट’ का उद्देश्य वैश्विक संबंधों को लेकर पार्टी के दृष्टिकोण को प्रस्तुत करना है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, “बेशक, हाल के वर्षों में मौजूदा सरकार ने जिस विदेश नीति को आगे बढ़ाया है, उसे लेकर हमारी अपनी कुछ बेहद स्पष्ट असहमतियां हैं।” उन्होंने कहा कि पार्टी की विदेश नीति संबंधी सोच गुटनिरपेक्षता के उस विचार में गहराई से निहित है, जिसे महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने हमें और दुनिया को दिया।
उन्होंने कहा, “समावेशिता और प्रगति, विकास तथा मानव गरिमा का व्यापक दृष्टिकोण हमारी विदेश नीति का हिस्सा है। नैतिकता, मूल्य और दूरदृष्टि हमारी विदेश नीति के महत्वपूर्ण अंग रहे हैं और हमें लगता है कि अब इनका अभाव है।” हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया। खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस ऐसे समय में इस आयोजन की मेजबानी करने के लिए उपयुक्त स्थिति में है, जब धुर दक्षिणपंथी विचारधारा, जिसका पार्टी विरोध करती है, और उदारवादी दुनिया के बीच सीधा टकराव चल रहा है।
उन्होंने कहा कि उदारवादी दुनिया का प्रतिनिधित्व दुनियाभर के प्रगतिशील आंदोलनों और राजनीतिक दलों द्वारा किया जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मेलन एक स्थायी आयोजन बन जाएगा। बदलती भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच कांग्रेस 70 देशों के नेताओं, नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, कारोबारी प्रतिनिधियों और नागरिक संस्थाओं के सदस्यों की मेजबानी करेगी।
इस दौरान नयी वैश्विक व्यवस्था के उभरने और इन घटनाक्रमों पर भारत की रणनीतिक प्रतिक्रिया के साथ-साथ सहयोगात्मक संघवाद और चुनावी निष्पक्षता जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। ‘भारत समिट 2025’ का आयोजन पिछले साल अप्रैल में हैदराबाद में किया गया था।
अन्य न्यूज़














