Saran में राहत बांटने के दौरान पिस्टल लहराने पर SHO संग्राम कुमार सिंह निलंबित

बिहार के सारण जिले में बाढ़ पीड़ितों के बीच सामग्री बांटते समय पिस्टल लहराने के आरोप में मकेर के थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया। आधिकारिक बयान के मुताबिक यह कृत्य ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता दर्शाता है।
सारण, चार अक्टूबर बिहार के सारण जिले के मकेर थाना प्रभारी को राहत सामग्री वितरण के दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों पर पिस्तौल लहराने के आरोप में निलंबित कर दिया गया। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यह कार्रवाई घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई।
बयान में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह घटना “ड्यूटी में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और मनमानी” को दर्शाती है। सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है, “मकेर के थाना प्रभारी संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था जिसमें वह इलाके में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के समय लोगों की ओर कथित तौर पर पिस्तौल लहराते हुए दिखे थे।” सितंबर के आखिरी सप्ताह में नेपाल और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद बिहार के छह जिलों के 30 प्रखंडों की 169 ग्राम पंचायतों में करीब 9.87 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
प्रभावित जिलों में सारण, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, दरभंगा और मुजफ्फरपुर शामिल हैं।
अन्य न्यूज़














