सोनिया विहार से Namo Yamuna River Cruise सेवा शुरू, 500 रुपये में 45 मिनट की सैर

सोनिया विहार से Namo Yamuna River Cruise सेवा शुरू, 500 रुपये में 45 मिनट की सैर
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में छह किलोमीटर लंबी रिवर क्रूज परियोजना का उद्घाटन किया। सोनिया विहार से जगतपुर तक चलने वाली इस इलेक्ट्रिक नौका में एक बार में 30 यात्री सफर कर सकेंगे। परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये और पूरी नौका यात्रा के लिए 500 रुपये किराया तय किया गया है।

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ मंगलवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुरी तक के लिए करीब छह किलोमीटर लंबी‘नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा’ का उद्घाटन किया। उद्धाटन के बाद सोनोवाल और गुप्ता ने दिल्ली सरकार के मंत्रियों के साथ क्रूज की सवारी भी की। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, पूरा सफर लगभग 35 से 45 मिनट का होगा और यात्रियों को निर्धारित मार्ग पर नौका विहार का अनुभव मिलेगा और यात्रा पूरी होने के बाद वे अपने शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे।

बयान में कहा गया है कि सोनिया विहार में विकसित परियोजना में पर्यटकों और परिवारों के लिए बच्चों का ‘प्ले जोन’, थीम आधारित ‘म्यूजिकल फाउंटेन’, ‘फूड कोर्ट‘, व्यावसायिक दुकानें और मनोरंजन की सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा, यमुना के प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए पारिस्थितिकीय प्रकृति पथ और पैदल भ्रमण मार्ग बनाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि यात्रियों के लिए तैयार की गई व्यवस्था के अंतर्गत परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये और क्रूज की पूरी यात्रा का शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।

परियोजना के अंतर्गत सोनिया विहार से जगतपुर तक के क्षेत्र में मनोरंजक क्रूज और फेरी सेवाएं विकसित की गई हैं। साथ ही, सोनिया विहार में पूर्ण विकसित तटवर्ती टर्मिनल स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य हरित परिवहन, शहरी पर्यटन और जनसुविधाओं को बढ़ावा देकर दिल्ली की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देना है।

परियोजना के तहत यमुना नदी में 30 यात्रियों की क्षमता वाला एक इलेक्ट्रिक क्रूज संचालित किया गया है। इसी क्षमता वाला दूसरा इलेक्ट्रिक क्रूज फरवरी-मार्च 2027 तक शुरू किया जाएगा। मानसून के दौरान नदी की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह सेवा हर साल एक जुलाई से 30 सितंबर तक बंद रहेगी।

इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) के समन्वय से विकसित किया गया है। सोनोवाल ने पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विशेष रूप से जलमार्गों के विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पहले आम धारणा यह थी कि यदि किसी को नदी क्रूज़ का अनुभव करना है, तो यूरोप जाना पड़ेगा।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने ऐसा माहौल और नकारात्मक धारणा बना दी थी जिससे यह लगता था कि भारत में इस तरह की परियोजनाएं संभव ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत में गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी विशाल नदियां होने के बावजूद, नदी क्रूज़ के विकास को असंभव माना गया था। मुख्यमंत्री ने कहा, “नमो यमुना रिवर सफारी केवल एक क्रूज या नौका सेवा नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति हमारी आस्था, प्रेम और समर्पण से जुड़ी पहल है।

इसके माध्यम से दिल्लीवासी मां यमुना के और करीब आ सकेंगे, उनके प्राकृतिक परिवेश को महसूस कर सकेंगे और नदी के साथ अपने जुड़ाव को नए रूप में अनुभव करेंगे।” उन्होंने कहा कि प्रकृति के इतने करीब आने का अवसर अब दिल्लीवासियों के लिए भी उपलब्ध हो रहा है। पहले लोग प्रयागराज या अन्य शहरों में जाकर नाव और क्रूज की सवारी का आनंद लेते थे, लेकिन अब दिल्ली में ही यह अनुभव संभव होगा। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा, “पहले विकास के बजाय आरोप-प्रत्यारोप और बहानेबाजी की राजनीति होती रही।

आज सरकार उन समस्याओं का समाधान कर रही है और दिल्लीवासियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित कर रही है।” उन्होंने छठ पर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले दिल्ली के लोगों को यमुना तट पर पूजा करने के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपने पहले वर्ष में ही यमुना पर छठ आयोजन कराया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी दिल्लीवासी पिछले वर्ष से अधिक भव्यता के साथ छठ पर्व मनाएंगे। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी दिल्ली में पर्यटन को एक नया अनुभव देने वाली पहल है।

उनके मुताबिक, यहां आने वाले लोग यमुना के सुंदर दृश्यों का आनंद ले सकेंगे तथा म्यूजिकल फाउंटेन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की गाथा और यमुना मैया की महिमा को संगीत के जरिए भी प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, सांसद मनोज तिवारी, कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह व मनजिंदर सिंह सिरसा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़