Manipur के कांगपोकपी में 3 ग्रामीणों की हत्या के बाद Security Forces का सर्च ऑपरेशन शुरू

Manipur के कांगपोकपी में 3 ग्रामीणों की हत्या के बाद Security Forces का सर्च ऑपरेशन शुरू
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

कांगपोकपी जिले के सुनुरोक पहाड़ी क्षेत्र में लकड़ी काटकर लौट रहे ग्रामीणों पर अज्ञात उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन भी किया।

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में सोमवार को तीन लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद सुनुरोक पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान शुरू किया। हत्या की घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने यहां मुख्यमंत्री के आवास के बाहर दो शव रख दिए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के कई गोले दागे।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) लहरी दोरजी ल्हातू ने मीडिया को बताया, “सोमवार सुबह करीब 9:40 बजे अज्ञात उग्रवादियों ने मैतेई ग्रामीणों के एक समूह पर गोलीबारी की। ये लोग जलावन की लकड़ी काटकर ले जा रहे थे। घटना सगोलमांग पुलिस थानांतर्गत सुनुरोक पहाड़ी क्षेत्र में हुई।” पुलिस अधिकारी ने कहा, “इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।

उनका इलाज जारी है।” ल्हातू ने कहा कि सुरक्षा बल इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं, जरूरी सुरक्षा उपाय किए गए हैं और स्थिति पर बहुत करीबी नजर रखी जा रही है। अधिकारी ने बताया कि इलाके में पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), कोबरा, असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों की संयुक्त टीम तलाश अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि खोजी कुत्तों और ड्रोन को तैनात किया गया है, जबकि निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा, “मोबाइल जांच चौकियां भी स्थापित की गई हैं।” उन्होंने यह भी कहा, “पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सेना, असम राइफल्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए लगातार काम कर रही है।” ल्हातू ने लोगों को भरोसा दिलाया कि इस अपराध के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़