11 September History: US में 9/11 आतंकी हमले और विश्व इतिहास की प्रमुख घटनाएं

इतिहास में 11 सितंबर का दिन अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और पेंटागन पर हुए सबसे बड़े आतंकवादी हमले के रूप में दर्ज है। वर्ष 2001 में हुए इस भयावह हवाई हमले में 2977 से अधिक निर्दोष लोगों की जान गई थी। इसके अलावा 1893 में इसी तारीख को स्वामी विवेकानंद ने शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में अपना ऐतिहासिक भाषण दिया था।
इतिहास में 11 सितंबर का दिन एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के सीने पर इस दिन हुए घातक आतंकवादी हमले ने एक ऐसा घाव दिया, जिसकी टीस दुनिया रहने तक कायम रहेगी। साल 2001 में 11 सितंबर के दिन आतंकवादियों ने यात्री विमानों का अपहरण कर अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ और पेंटागन मुख्यालय को निशाना बनाया। इसे अमेरिका के इतिहास के सबसे बड़े आतंकवादी हमले के तौर पर देखा जाता है। साल 2021 में 11 सितंबर को ही अफगानिस्तान के राष्ट्रपति भवन पर तालिबान का झंडा फहराया गया। अमेरिका में 11 सितंबर के आतंकी हमलों की 20वीं बरसी के दिन ही अफगानिस्तान के राष्ट्रपति भवन पर तालिबान का झंडा लगा दिया गया। तालिबान ने अमेरिकी दूतावास की इमारत की दीवार पर भी अपना सफेद झंडा पेंट किया है। देश-दुनिया में 11 सितंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1893 : अमेरिका के शिकागो क्षेत्र में आयोजित विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद ने सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और हिंसा पर ऐतिहासिक भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने सभी धर्मों की अच्छाइयों का भी जिक्र किया। 1895 : महान स्वतंत्रता सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रसिद्ध गांधीवादी नेता विनोबा भावे का जन्म। 1906 : महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका में सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया। 1919 : अमेरिकी नौसेना ने होंडुरास पर आक्रमण किया। 1922 : ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में सचित्र दैनिक समाचार पत्र ‘द सन न्यूज पिक्टोरियल’ की शुरुआत। 1939 : इराक और सऊदी अरब ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की। 1948 : मुस्लिम लीग के अध्यक्ष मोहम्मद अली जिन्ना का निधन। 1951 : फ्लोरेंस चाडविक ने इंग्लिश चैनल तैरकर पार किया। उन्हें इंग्लैंड से फ्रांस पहुंचने में 16 घंटे और 19 मिनट लगे। ऐसा करने वाली वह पहली महिला बनीं। 1968 : एयर फ्रांस का विमान नाइस के पास दुर्घटनाग्रस्त। हादसे में 89 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों की मौत। 2001 : अमेरिका में आतंकवादियों ने विमानों का अपहरण कर न्यूयॉर्क में ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ की दो इमारतों, वर्जीनिया स्थित पेंटागन मुख्यालय और पेन्सिलवेनिया पर हमला किया। इस हमले में 2977 से अधिक लोगों की जान गई। 2003 : चीन के विरोध के बावजूद अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश तिब्बत के धार्मिक नेता दलाई लामा से मिले। 2005 : गाजा पट्टी में 38 साल से जारी सैन्य शासन समाप्त करने की घोषणा। 2012 : पाकिस्तान के कराची और लाहौर की फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग में लगभग 315 लोगों की मौत। 2015 : सऊदी अरब में मस्जिद अल-हरम में क्रेन गिरने से 111 लोगों की मौत, 394 लोग घायल।
2019 : अमेरिका ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सरगना नूर वली महसूद पर प्रतिबंध लगाया और उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित किया। 2021 : अफगानिस्तान के राष्ट्रपति भवन पर फहराया तालिबान का झंडा। 2022 : यूरोप के सबसे बड़े जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र का आखिरी रिएक्टर बंद हुआ। 2023 : लीबिया के डेरना शहर में डेनियल तूफान के कारण दो बांध टूटने से भीषण बाढ़ आई जिसमें पांच हजार से अधिक लोग मारे गए। 2024 : ‘सोयूज’ अंतरिक्ष यान ने दो रूसी और एक अमेरिकी यात्री को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरी। 2025 : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टारमर ने बाल यौन शोषण के दोषी जेफरी एपस्टीन से संबंधों के कारण अमेरिका में ब्रिटिश राजदूत पीटर मैंडेलसन को बर्खास्त किया।
अन्य न्यूज़
















