Shashi Tharoor का दावा, Hyderabad में Bharat Summit के 115 वक्ताओं का वीजा हुआ रद्द

हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में भाग लेने पहुंचे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दावा किया कि सम्मेलन के 115 वक्ताओं को देश में आने की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश मंत्रालय से मंजूरी के बावजूद गृह मंत्रालय के निर्देश पर इनके वीजा रद्द किए गए या प्रवेश रोका गया। थरूर ने कहा कि सम्मेलन का समापन शनिवार को होने से फैसले को पलटना अब संभव नहीं है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को कहा कि हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट’ में विदेश मंत्रालय से मंजूरी पाने वाले 315 वक्ताओं में से 115 को भारत में प्रवेश देने से इनकार कर दिया गया या उनके वीजा रद्द कर दिए गए। उन्होंने कहा, ‘‘यह शर्म की बात है कि एक गौरवशाली लोकतंत्र इतना असुरक्षित हो गया है कि उसे उन आवाजों को दबाना पड़ रहा है, जिनके मुखर होने का उसे डर है।’’ समिट में शामिल होने के लिए हैदराबाद पहुंचे थरूर ने कार्यक्रम के दौरान सामने आए एक ‘‘निराशाजनक पहलू’’ की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं हैदराबाद पहुंचा तो मुझे पता चला कि विदेश मंत्रालय से इस कार्यक्रम के लिए मंजूरी पाने वाले 315 वक्ताओं में से 115 को भारत में प्रवेश देने से इनकार कर दिया गया या उनके वीजा रद्द कर दिए गए।
ऐसा लगता है कि यह गृह मंत्रालय के निर्देश पर किया गया।’’ थरूर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि सरकार ने कानून के किस प्रावधान के तहत इतना कठोर कदम उठाया है, लेकिन शनिवार को सम्मेलन का समापन होने के कारण इस फैसले को पलटना अब असंभव है।
अन्य न्यूज़













