Sonbhadra Police ने ड्रग तस्करी के पांच मामलों में 5.32 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की

Sonbhadra Police ने ड्रग तस्करी के पांच मामलों में 5.32 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने पांच मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान आरोपियों के मकान, वाहन और बैंक खातों समेत कुल 5.32 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई। म्योरपुर क्षेत्र की एक आरोपी की 38.83 लाख रुपये की संपत्ति दिल्ली में भी जब्त की गई है।

सोनभद्र (उप्र), आठ अक्टूबर सोनभद्र पुलिस ने मादक पदार्थों की कथित तस्करी से जुड़े पांच मामलों में 5.32 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि म्योरपुर इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी की आरोपी मीरा देवी उर्फ गुड़िया की 38.83 लाख रुपये की संपत्ति एक अक्टूबर को दिल्ली में जब्त की गई। उन्होंने बताया कि जब्त संपत्ति में एक मकान, दो बैंक खातों में जमा राशि, एक मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर शामिल हैं।

अकेले मकान की कीमत करीब 29.14 लाख रुपये है, जबकि दो बैंक खातों में क्रमशः 4.79 लाख रुपये और 25 हजार रुपये जमा थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि देवी के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम तथा गैंगस्टर अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज इलाके के एक मामले में 4.50 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

इसके अलावा अनपरा में 26.62 लाख रुपये, शक्तिनगर में 15.72 लाख रुपये, रॉबर्ट्सगंज के एक अन्य मामले में 1.08 लाख रुपये और म्योरपुर में 38.83 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इन पांचों मामलों में कुल 5.32 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई सीमावर्ती जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़