1984 के दंगों पर Sonia Gandhi की किताब में बड़ा जिक्र, Rajiv Gandhi के बचाव में कही यह बात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव में 1984 के सिख-विरोधी दंगों को देश के इतिहास का शर्मनाक दौर बताया है। उन्होंने लिखा कि राजीव गांधी के मन में कोई द्वेष नहीं था और उन्होंने हिंसा रोकने के लिए तुरंत शांति की अपील की थी। साथ ही सेना की तैनाती में देरी और न्याय व्यवस्था की विफलता का भी उल्लेख किया गया है।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में 1984 के सिख-विरोधी दंगों को देश के इतिहास का एक “दुखद और शर्मनाक” अध्याय बताते हुए कहा कि उनके पति राजीव गांधी के मन में कोई कट्टरता या द्वेष नहीं था, लेकिन वह इतिहास के एक ऐसे दौर में थे, जब शासन-व्यवस्था चरमरा गई थी और बर्बर घटनाएं हो रही थीं। सोनिया ने मंगलवार को जारी अपने संस्मरण “बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि (तत्कालीन प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी की हत्या की खबर तेजी से फैल गई थी तथा पंजाब और देश के अन्य हिस्सों में कई लोगों ने (जरनैल सिंह) भिंडरावाले और उसके साथियों के खात्मे का स्वागत किया था, जो आतंक और हत्याओं के जरिये देश को तोड़ने पर आमादा थे। उन्होंने संस्मरण में लिखा है, “लेकिन कई लोग अपनी प्रधानमंत्री की हत्या से बेहद गुस्से में थे और हालात बिगड़ते जा रहे थे।

दोपहर तक शहर के अलग-अलग हिस्सों और उसके बाहर भी दंगे भड़क गए। निर्दोष सिखों के खिलाफ बेहद क्रूर हिंसा की गई। अकेले राष्ट्रीय राजधानी में 2,000 से ज्यादा लोगों की जान ले ली गई—वह भी बेहद बेरहमी और क्रूर तरीके से।” सोनिया गांधी ने लिखा है कि सिखों की कई दुकानों और घरों में लूटपाट की गई या उन्हें आग के हवाले कर दिया गया।

उन्होंने पुस्तक में उल्लेख किया कि उसी रात राजीव गांधी राष्ट्रीय टेलीविजन (दूरदर्शन) पर आए और शांति की अपील की; प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद एक तरह से यह उनका पहला सार्वजनिक कदम था। उन्होंने संस्मरण में लिखा, “राजीव शहर के उन इलाकों में गए, जहां तनाव बहुत ज्यादा था। उनके स्टाफ अपने सिख साथियों को ढूंढ़ने और यह सुनिश्चित करने के लिए निकले कि वे सुरक्षित हैं।

एक नवंबर को राजीव फिर से दंगा प्रभावित इलाकों में गए, आम लोगों से बात की और उनसे अपील की कि वे बदला लेने की कोशिश न करें।” कांग्रेस नेता अपने संस्मरण में बताती हैं कि दो नवंबर को राजीव ने टेलीविजन पर शांति की एक और अपील की, जिसमें उन्होंने देशभर के लोगों को इंदिरा गांधी के इन शब्दों को याद दिलाया कि “खून मत बहाओ, नफरत छोड़ो।” सोनिया लिखती हैं, “जब मैं (इंदिरा गांधी की) हत्या के बाद की उन मुश्किल रातों के बारे में सोचती हूं, तो मुझे कुछ भी साफ-साफ याद नहीं आता। उस समय मैं अपनी सास की हत्या को लेकर गहरे सदमे और खौफ में थी। मुझे बस राजीव और हमारे बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही थी।” वह बताती हैं, “एक बात तो तय है : राजीव, जो स्वभाव से ही न्यायप्रिय और दयालु थे, किसी भी तरह से निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ उन जघन्य कृत्यों की अनुमति नहीं दे सकते थे।

गहरी व्यक्तिगत पीड़ा के पल में उनकी स्वाभाविक और तत्काल प्रतिक्रिया इस बात की पुष्टि करती है।” सोनिया गांधी ने संस्मरण में लिखा, “हालांकि, उनके (राजीव) मन में कोई कट्टरता या द्वेष नहीं था, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि उन्हें देश के इतिहास के एक ऐसे दौर में धकेल दिया गया था, जब प्रभावी शासन व्यवस्था चरमरा गई थी और बर्बर घटनाएं होने लगी थीं।” उन्होंने लिखा है कि उस भयावह दौर के बारे में कई परस्पर विरोधी रिपोर्ट सामने आई हैं, जिनमें से कुछ सेना की तैनाती में हुई देरी से संबंधित हैं। पुस्तक में उन्होंने लिखा, “हालांकि, (तत्कालीन) सेना प्रमुख जनरल एएस वैद्य को हत्या वाली रात ही उनसे (राजीव) आदेश मिल गए थे, लेकिन बाद में हमें पता चला कि उन्होंने (वैद्य) सबसे नजदीकी टुकड़ियों को तैनात न करने का फैसला किया, क्योंकि उनमें सिख सैनिक थे--एक ऐसा कारक, जो स्थिति को और बिगाड़ सकता था।” वह बताती हैं कि पीछे मुड़कर देखने पर साफ हो जाता है कि उस समय देश भारी उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा था, जिससे शासन व्यवस्था दबाव में आ गई थी और संभवत: चरमरा गई थी। कांग्रेस नेता ने संस्मरण में लिखा, “1984 के दंगे हमारे देश के इतिहास में एक दुखद और शर्मनाक अध्याय हैं।

बाद में संसद में राजीव ने कहा था : ‘नवंबर 1984 का भयानक खून-खराबा एक ऐसा नरसंहार था, जो हमेशा सभी सभ्य भारतीयों की अंतरात्मा पर एक बोझ बनकर रहेगा। यह एक बेहद पीड़ादायक बदलाव के दौर में हुआ था। यह कोई ऐसी बात नहीं है, जिससे अपराध की गंभीरता कम हो जाए।

हम खुद को माफ नहीं कर सकते। ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था।’” सोनिया लिखती हैं कि उस समय और उसके बाद के वर्षों में कांग्रेस और कांग्रेस-विरोधी, दोनों सरकारों के शासनकाल में कई जांच आयोग गठित किए गए। वह बताती हैं कि हिंसा भड़काने या उसे निर्देशित करने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू की गई थी, जिनमें कांग्रेस पार्टी के कई सदस्य शामिल थे।

सोनिया ने संस्मरण में लिखा, “हत्याओं में शामिल आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के कई सदस्यों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए थे।” उन्होंने बताया, “पुलिस के पास संज्ञेय अपराधों के आरोप में दर्ज सैकड़ों प्राथमिकी, जिनके आधार पर आपराधिक न्याय प्रक्रिया शुरू हुई, उनमें से चार-पांच मामलों में ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई, जिनमें से एक अब भी अपनी सजा काट रहा है। चार आयोगों, नौ समितियों और दो विशेष जांच दल के गठन के बावजूद अदालतों में मामले अब भी खिंचते जा रहे हैं। पीड़ितों के लिए न्याय की राह मुश्किल रही है।” सोनिया ने लिखा है कि कांग्रेस ने देश के लिए सिखों के योगदान को हमेशा गर्व के साथ स्वीकार किया है और बदले में सिखों ने भी बाद के चुनावों में पार्टी पर भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा, “इस त्रासदी के बाद भी पंजाब के सिखों ने कांग्रेस को कई बार राज्य विधानसभा में चुनकर भेजा। वे ज्यादातर टिप्पणीकारों की तुलना में एक अहम सच्चाई को बेहतर समझते थे : 1984 का वह भयानक नरसंहार इस समुदाय के प्रति किसी गहरी दुश्मनी का हिस्सा नहीं था—न तब और न ही कभी।” कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष कहती हैं कि यह स्वीकार करना होगा कि हमारे देश में न्याय दिलाने की प्रक्रिया व्यवस्थागत विफलता का शिकार रही है और सरकारें इस समस्या को दूर करने में सफल नहीं हो सकी हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़